बिलासपुर जनदर्शन में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सुनी समस्याएं: जोरापारा के निवासियों ने की नया राजस्व ग्राम बनाने की मांग
कलेक्टर संजय अग्रवाल द्वारा आयोजित जनदर्शन में प्रशासनिक कार्यों के लंबित होने के कई मामले सामने आए। सबसे प्रमुख मांग तखतपुर ब्लाक के जोरापारा को नया राजस्व ग्राम बनाने की रही, क्योंकि 1800 की आबादी होने के बावजूद ग्रामीणों को प्रशासनिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
Publish Date: Wed, 17 Jun 2026 11:53:33 AM (IST)Updated Date: Wed, 17 Jun 2026 11:53:33 AM (IST)
जनदर्शन में कलेक्टर संजय अग्रवाल आए हुए लोगो से चर्चा करते हुए।HighLights
- जोरापारा 1800 की आबादी के बावजूद प्रशासनिक दिक्कतों से जूझ रहे ग्रामीण।
- जनदर्शन में जिलेभर से आए आम नागरिकों की समस्याओं का अंबार लगा रहा।
- जनदर्शन में फरियादियों का लगा तांता; कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुरः कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन में जिलेभर से आए आम नागरिकों की गंभीर समस्याएं सुनीं। तखतपुर ब्लाक के ग्राम पंचायत मोछ के जनपद सदस्य रामकुमार सिंगरौल ने ग्राम जोरापारा को नया राजस्व ग्राम घोषित करने की प्रमुख मांग उठाते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। '
रामकुमार सिंगरौल ने आवेदन के माध्यम से कलेक्टर संजय अग्रवाल को अवगत कराया कि ग्राम जोरापारा की आबादी वर्तमान में लगभग 1800 हो चुकी है। पर्याप्त आबादी होने के बावजूद इसके स्वतंत्र राजस्व ग्राम का दर्जा नहीं मिलने से ग्रामीणों को कई तरह की प्रशासनिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। '
यदि जोरापारा को पृथक राजस्व ग्राम घोषित कर दिया जाता है, तो शासन की बुनियादी योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों को मिलेगा और क्षेत्र में विकास कार्यों को और अधिक गति दी जा सकेगी। कलेक्टर ने संवेदनशील मामले की फाइल को आगे बढ़ाते हुए संबंधित राजस्व अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित परीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें- CG High Court: अधिवक्ता की लगातार अनुपस्थिति पर भड़के जस्टिस,आरोपित को मिलेगा निःशुल्क सरकारी वकील
जनदर्शन में पहुंची यह समस्याएं
- बिजली पोल का इंतजार - ग्राम मटियारी के किसान रामकिशुन सूर्यवंशी ने बताया कि, आठ वर्ष पूर्व राशि जमा करने के बावजूद अब तक उनके खेत में बिजली पोल नहीं लगाए गए हैं। इससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अधूरा पीएम आवास - सेमरा निवासी राजेंद्र जायसवाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना की रुकी हुई दूसरी किस्त की राशि दिलाने की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि दूसरी किस्त न मिलने से उनके मकान का काम रुका हुआ है।
अटकी छात्रवृत्ति- जोरापारा निवासी छात्रा रिंकी ने बताया कि वह कक्षा 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद भी अब तक पात्रता के बावजूद छात्रवृत्ति नहीं मिल रही है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने संबंधित विभाग को मामले का निराकरण करने के निर्देश दिए।
तूफान से नुकसान- लिमतरा निवासी मुरलीधर पटेल ने बताया कि 15 मई के तूफान से पोल्ट्री फार्म पर गिरे चार सागौन के पेड़ों से काफी नुकसान हुआ है। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने एसडीएम मस्तूरी व वन विभाग से भी निवेदन किया लेकिन उनकी गुहार किसी ने नहीं सुनी।
सीमांकन में देरी- लिम्हा निवासी रेशमदास मानिकपुरी ने कहा कि मार्च 2026 में शुल्क जमा करने के बाद भी अब तक भूमि सीमांकन नहीं हुआ है। पीड़ित ने कलेक्टर से जल्द सीमांकन करने की गुहार लगाई है।
आगजनी सहायता व आवास- तालापारा के रविंद्र खुंटे ने आगजनी के नुकसान की क्षतिपूर्ति और दिव्यांग महिला सन्नो ने हेमूनगर में आवास आवंटित करने की मांग की।