_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। कोटा क्षेत्र के बाकीघाट स्थित गोयल क्रेशर उद्योग में हुई चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने चोरी करने वाले दो आरोपित के साथ चोरी का सामान खरीदने वाली महिला कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से चोरी का शत-प्रतिशत सामान और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
कोटा एसडीओपी नूपुर उपाध्याय ने बताया कि रतनपुर निवासी राजकुमार गोयल ने 11 अगस्त को कोटा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 10 अगस्त की रात अज्ञात चोर गोयल क्रेशर उद्योग से जैपलेट, रोलर, क्रेशर का साप्ट, जाली का साप्ट, जाली, टाइगर प्लेट, जाली कवरिंग, साइट प्लेट समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई। रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। संदेहियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बाकीघाट, सोनवानी तालाब के पास रहने वाले रंजीत शिकारी (25) और अमृत शिकारी (40) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ में उन्होंने चोरी का सामान मौहारखार, कोटा निवासी मालती मानिकपुरी (50) को बेचना भी बताया।
यह भी पढ़ें- रतनपुर की प्राचीन बावली में मिली युवक की लाश: पुलिस कर रही है हादसे और आत्महत्या के एंगल पर जांच
पुलिस ने मालती को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया। कार्रवाई में थाना प्रभारी शशिकांत भारद्वाज, सउनि शिव कुमार साहू, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव तथा आरक्षक संजय श्याम और विनोद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।