
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: मरवाही वनमंडल में पहुंचे चार जंगली हाथियों के साथ ग्रामीण बच्चों की खतरनाक शरारत ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। हाथियों पर पत्थर फेंकने और पेड़ों पर चढ़कर उन्हें छेड़ने का वीडियो सामने आने के बाद मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका गहरा गई है। विभाग को डर है कि लगातार उकसावे से हाथी आक्रोशित हो सकते हैं, जिससे जनहानि या गंभीर दुर्घटना की स्थिति बन सकती है। हालांकि सवाल वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी उठ रहे हैं। एक ओर विभाग हाथियों की सतत मानिटरिंग का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर बच्चों का झुंड बेखौफ होकर हाथियों के बेहद करीब पहुंच रहा है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता और जागरूकता अभियान की कमी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित यह वीडियो मरवाही वनमंडल का ही है। विभागीय अधिकारी इसकी पुष्ट भी कर रहे हैं। पिछले दिनों चार हाथियों का यह दल वनक्षेत्र में पहुंचा है। हालांकि इन्होंने अब तक किसी भी लोगों को हानि नहीं पहुंचाया। केवल फसल, फल उद्यान और बाउंड्रीवाल को क्षतिग्रस्त किया है। चारों हाथी शहर के भीतर भी पहुंचे। लेकिन, किसी तरह जनहानि नहीं हुई। विभाग का मानना है कि हाथियों का व्यवहार बेहद शांत है और किसी तरह शरारत नहीं हुई तो वह एक समय पर जहां से आए हैं, वहां लौट जाएंगे।
मुनादी के माध्यम से विभाग ने ग्रामीणों को जागरूक करने का प्रयास भी किया। इससे शहरी क्षेत्र में तो किसी तरह की शरारत नहीं हुई। लेकिन, गांव से सटे जंगल में हाथियों को परेशान किया जा रहा है। इस वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि ग्रामीण हाथियों के झुंड के करीब पहुंचकर न सिर्फ अपनी जान जोखिम में डालते दिखाई दे रहे हैं, बल्कि कुछ लोग पत्थर फेंककर हाथियों को उकसाने की कोशिश भी कर रहे हैं। प्रसारित वीडियो में चार हाथियों का झुंड जंगल क्षेत्र में मौजूद है।
हाथियों को करीब से देखने के लिए कई ग्रामीण उनके पास तक पहुंच गए, जबकि कुछ लोग पेड़ों पर चढ़कर हाथियों को सता भी रहे हैं। इस वीडियो से विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के हाथ-पैर फूल गए हैं। वह चिंतित है।क्योंकि ग्रामीणों की इस हरकत के कारण हाथी कभी आक्रामक हो सकते हैं।
जंगली हाथियों के नजदीक जाना बेहद खतरनाक होता है और किसी भी समय जानलेवा हमला कर सकते हैं। इस वीडियो के माध्यम से विभाग की लापरवाही भी उजागर हो रही है। बच्चों का झुंड हाथियों के साथ इतना सब कुछ खुलेआम कर रहा है। लेकिन, मौके पर अधिकारी तो विभाग का एक कर्मी तक मौजूद नहीं है।
यह भी पढ़ें- रायगढ़ में हादसा : ट्रैक पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आया हाथी, पैर में गंभीर चोट
प्रसारित वीडियो के बाद अपराध दर्ज, पहचान करने बनाई टीम
इस मामले में मरवाही वनमंडल की डीएफओ ग्रीष्मी चांद का कहना है कि वीडियो सामने आने के बाद सबसे पहले जगह की पहचान की गई। यह घुसरिया के जंगल का है। मामला बेहद गंभीर है। इसलिए विभाग ने अपराध कर लिया है। पुलिस भी एफआइआर भी कराई जाएगी। जल्द ही अज्ञात लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।