
नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर: बलरामपुर जिले के पस्ता थाना क्षेत्र के ग्राम सरगवां पंडोपारा में अंधविश्वास ने एक बुजुर्ग विधवा की जान ले ली। दो महिलाओं की बीमारी से हुई मौत को जादू-टोना मानकर चार आरोपितों ने मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोपित देवकुमार देवांगन (26), मुनेश अगरिया (45), शिवनाथ नगेशिया (56) और रामप्रसाद पंडो (35) ने एकराय होकर पहले मृतका को शराब पिलाई, फिर दो आरोपित घर के बाहर पहरा देते रहे और दो ने अंदर घुसकर हथौड़ी से पीटकर हत्या कर दी।पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार घटना नौ नवंबर की रात करीब नौ बजे की है। आरोपित देवकुमार देवांगन की बड़ी मां ठुमरी की दो सप्ताह पहले बीमारी से मौत हुई थी, वहीं आरोपित मुनेश अगरिया की मां सिबनी की तीन सप्ताह पहले बुखार से मौत हुई थी। दोनों अपनी मां की मौत का कारण मृतका रजपतिया पंडो को मान बैठे और उसे टोनही कहने लगे।
इसी अंधविश्वास में चारों आरोपित नौ नवंबर की रात मृतका रजपतिया के घर पहुंचे। पहले चारों ने मिलकर उसे शराब पिलाई। जब वह नशे में हो गई तो साजिश के तहत रामप्रसाद पंडो और शिवनाथ नगेशिया घर के बाहर पहरा देने लगे, ताकि कोई घर में न आ सके। इसके बाद देवकुमार देवांगन और मुनेश अगरिया घर के अंदर घुसे और "तू डायन है, टोनही है, हमारे घर वालों को खा रही है कहते हुए कुटासी हथौड़ी से सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर निर्मम हत्या कर दी और फरार हो गए।दूसरे दिन 10 नवंबर की सुबह 7.30 बजे मृतका के सौतेले बेटे जेठू पंडो ने काफी देर तक मां को नहीं देखा तो घर जाकर देखा। दरवाजा खुला था और अंदर खाट पर रजपतिया का शव खून से लथपथ पड़ा था।
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। पूछताछ में पता चला कि मृतका के पति की कई वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। वह अलग घर में अकेले रहती थी।सौतेले बेटे ही उसकी देखभाल करते थे। पुलिस जांच में पता चला कि मृतका के घर शिवनाथ नगेशिया का आना-जाना था। संदेह के आधार पर जब शिवनाथ को हिरासत में लिया गया तो उसने सारी सच्चाई बता दी। पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में मेडिकल स्टूडेंट का कार में अपहरण: स्कूल के पुराने विवाद पर घंटेभर की पिटाई