चांदनी चौक में खपता था छत्तीसगढ़ की ट्रेनों का तांबा... बिलासपुर RPF ने पकड़ा दिल्ली का शातिर गैंग
बिलासपुर रेल मंडल के बुढ़ार, सिंहपुर और शहडोल सेक्शन में लगातार हो रही रेलवे कॉपर केबल चोरी के मामले में आरपीएफ ने दिल्ली के संगठित गिरोह का भंडाफोड़ ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 16 Sep 2026 03:46:23 PM (IST)Updated Date: Wed, 16 Sep 2026 03:46:23 PM (IST)
गिरफ्तार आरोपित।HighLights
- बिलासपुर रेल मंडल में कॉपर केबल चोरी करने वाला गैंग पकड़ाया।
- 10 चोरों व 7 खरीदारों समेत 17 आरोपी गिरफ्तार, 4 स्कूटर जब्त।
- दिल्ली के चांदनी चौक की कबाड़ मंडी में बेचते थे माल।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: बुढ़ार, सिंहपुर, छादा और शहडोल क्षेत्र में रेलवे की कापर केबल चोरी की लगातार सामने आ रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आरपीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। आरपीएफ की विशेष टीम और आरपीएफ पोस्ट अनूपपुर की संयुक्त टीम ने जांच करते हुए रेलवे की संपत्ति पर हाथ साफ करने वाले दिल्ली के संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है।
कार्रवाई में चोरी करने वाले 10 आरोपितों के साथ रेलवे की चोरी की संपत्ति खरीदने वाले सात रिसीवरों को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले चार स्कूटर भी जब्त किए गए हैं। पूछताछ में चोरी की केबल को दिल्ली के चांदनी चौक स्थित कबाड़ मंडी में बेचने की बात सामने आई है। बिलासपुर रेल मंडल के इन क्षेत्रों में लगातार केबल चोरी हो रही थी।
इस वजह से आरपीएफ परेशान थी और लगातार छानबीन भी की जा रही थी। आरोपितों तक पहुंचने के लिए वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ने आरपीएफ की विशेष और आरपीएफ पोस्ट अनूपपुर की संयुक्त टीम तैयार की। यह टीम प्रभावित रेलखंडों में लगातार निगरानी, पेट्रोलिंग, घेराबंदी एवं स्थानीय मुखबिर तंत्र के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में दो आरोपितों को ट्रेन से भागते समय उमरिया से तथा एक आरोपित को गाजियाबाद स्थित उसके निवास से पकड़ा गया।
आरोपितों की निशानदेही पर चोरी की गई कापर केबल एवं अन्य तांबे की रेलवे सामग्री बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- अंबिकापुर में किराये का मकान खोजने के बहाने खुलवाया दरवाजा, बुजुर्ग पर हमलावरों ने चाकू से किया हमला; दामाद पर आरोप
स्कूटर से करते थे रेकी
जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य दिल्ली से अनूपपुर क्षेत्र में पहुंचे थे। यहां उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर किराए के मकान लिए और रहकर रेलवे के प्रभावित रेलखंडों की रेकी शुरू कर दी। आरोपी स्कूटर से क्षेत्र में घूमते थे और रेलवे की कापर केबल सहित अन्य तांबे की सामग्री को निशाना बनाते थे। सुनियोजित तरीके से चोरी करने के बाद रेलवे की संपत्ति को ठिकाने लगाने का नेटवर्क भी तैयार था।
पूछताछ में चोरी की सामग्री को दिल्ली के चांदनी चौक स्थित कबाड़ मंडी में बेचने की बात सामने आई है। बाक्स- गिरोह में और भी सदस्य, जांच जारी इस मामले में अभी केवल 17 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। लेकिन, आरपीएफ को उम्मीद है कि गिरोह में और भी सदस्य है। यही कारण है कि मामले में आगे की जांच जारी है तथा गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं चोरी की संपत्ति के खरीदारों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।