
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : साइबर ठगों ने अब अंबिकापुर में एक महिला के खाते से लाखों रुपये उड़ा दिए। शहर के गोधनपुर वार्ड निवासी महिला के बैंक खाते से ठगों ने पांच लाख 58 हजार 348 रुपये आनलाइन ट्रांसफर कर लिए। घटना एक और दो नवंबर की दरम्यानी रात की है। पीड़िता की शिकायत पर गांधीनगर थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार शांति गुप्ता पति सुरेंद्र प्रसाद गुप्ता का अंबिकापुर स्थित एक बैंक में खाता है। महिला अपने मोबाइल नंबर से फोन-पे का संचालन करती हैं। दो नवंबर को जब वह फोन-पे से पैसा ट्रांसफर कर रही थीं, तो ट्रांसफर नहीं हो रहा था। शक होने पर जब उन्होंने बैंक स्टेटमेंट चेक किया तो होश उड़ गए। उनके खाते में कुल 5,58,829 रुपये थे, लेकिन खाते में सिर्फ 481 रुपये शेष बचे थे। फोन-पे की हिस्ट्री चेक करने पर पता चला कि एक नवंबर से दो नवंबर के बीच बिना उनकी सहमति के कुल 5,58,348 रुपये अन्य खातों और ऐप में आनलाइन ट्रांसफर कर निकाले गए हैं।
एपीके फाइल लिंक से हुई ठगी
पीड़िता ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। साइबर सेल से उन्हें दो अक्नॉलेजमेंट नंबर प्राप्त हुए। जांच में पता चला कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजी गई एक एपीके फाइल के माध्यम से लिंक भेजा गया था।
अनजाने में उस लिंक पर क्लिक करने से मोबाइल हैक हो गया और खाते से रकम पार हो गई।पीड़िता ने गांधीनगर थाना में शिकायत दर्ज कराई।आवेदन के आधार पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस एवं आइटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में धान खरीदी: 24 घंटे घर बैठे मिलेगा टोकन, किसान एप से करें आवेदन
पुलिस की अपील - अनजान एपीके फाइल न करें डाउनलोड
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई एपीके फाइल या लिंक पर क्लिक न करें। कोई भी बैंक या कंपनी एपीके फाइल के जरिए लिंक नहीं भेजती। इसलिए ऐसे लिंक पर कभी विश्वास नहीं करना चाहिए। ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें।