
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने शनिवार रात खूनी रूप ले लिया। आदर्श नगर स्थित पानी टंकी के पास थूकने की बात को लेकर हुए विवाद में पिता-पुत्र ने मिलकर 15 वर्षीय छात्र पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में छात्र के सीने और पेट पर कई वार किए गए, जिससे उसकी आंत बाहर निकल आई। गंभीर हालत में उसे तत्काल सिम्स में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
सिरगिट्टी के महिमा नगर निवासी राम कुमार नायक ने थाना सिरगिट्टी में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका भांजा शिवम नायक उर्फ शिब्बू (15) शनिवार रात करीब 8:30 बजे अपने दोस्तों देवरथ साहू और शिवा राव के साथ पोचो ग्राउंड में क्रिकेट खेलने के बाद घर लौट रहा था। जब तीनों आदर्श नगर स्थित पानी टंकी के पास पहुंचे, तब शिवम सड़क किनारे थूक रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद नाबालिग के जूतों पर थूक पड़ गया, जिससे दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
विवाद के दौरान नाबालिग ने शिवम से गाली-गलौज की। इसके बाद शिवम अपने दोस्तों के साथ वहां से आगे बढ़ गया। कुछ देर बाद नाबालिग अपने पिता विजय कुमार दास के साथ स्कूटी से दोबारा मौके पर पहुंचा। विजय कुमार दास ने शिवम के दोनों हाथ पकड़ लिए, जबकि नाबालिग ने धारदार चाकू निकालकर उसके सीने और पेट पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले से शिवम लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। उसके दोस्तों ने तत्काल स्वजन को सूचना दी और गंभीर रूप से घायल छात्र को सिम्स अस्पताल पहुंचाया।डाक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।
यह भी पढ़ें- 833 किलो गांजा तस्करी केस में सभी दोषी बरी, हाई कोर्ट ने डीआरआई की जांच पर उठाए गंभीर सवाल
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्राथमिक पूछताछ के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के ठिकाने पर दबिश देकर नाबालिग और विजय दास को पकड़ लिया है। आरोपित को न्यायालय में पेश करने कार्रवाई की जा रही है।