
नईदुनिया प्रतिनिधि, जशपुरनगर: बुधवार को जशपुर जिले में बहनों ने पारंपरिक तरीके से भाई-दूज मनाया। उन्होंने भाइयों की लंबी उम्र और खुशहाली की कामना करते हुए गोधन पूजा की। इस अनोखी परंपरा में बहनें पहले भाइयों को मरने का श्राप देती हैं और फिर प्रायश्चित स्वरूप अपनी जीभ में रेंगनी नामक स्थानीय वनस्पति का कांटा चुभाती हैं।
जिले में बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के लोगों की संख्या अधिक है। भाई-दूज के पर्व पर इन क्षेत्रों की परंपराओं की छाप यहां भी दिखाई देती है। बुधवार सुबह बहनों ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की और गोबर से बनाई गई चौकोर आकृति को कूटा। इसमें यमलोक और वहां के प्राणियों की प्रतिमूर्ति बनाई गई थी। भाई के माथे पर तिलक लगाकर बहनों ने उसके उज्ज्वल भविष्य और दीर्घायु की कामना की। श्राप देने और जीभ में कांटा चुभाकर प्रायश्चित करने के पीछे भाई-बहन के प्रेम से जुड़ी मान्यता है।
कविता पाठक, नीलम सिन्हा, स्वाती सिन्हा, मधु पाठक, माधवी पाठक और किया पाठक ने बताया कि मान्यता के अनुसार यम और यमनी कभी ऐसे व्यक्ति को यमलोक ले जाने के लिए मृत्यु लोक में घूमते थे, जिसे उसकी बहन ने गाली या श्राप न दिया हो। कथा के अनुसार, एक भाई ऐसा था जिसे उसकी बहन बहुत स्नेह करती थी और उसने कभी उसे गाली या श्राप नहीं दिया था। यम और यमनी की नजर उस पर पड़ी और यम उसकी आत्मा ले जाने के लिए उसे निष्प्राण करने का प्रयास करने लगा।
बहन को इसका पता चला तो उसने भाई को बचाने के लिए उसे गालियां और श्राप दिए। इसके बाद भी यम ने भाई के प्राण लेने के कई प्रयास किए। पहले दीवार गिराकर, फिर खाना खाते समय पाटे के नीचे सांप भेजकर और बाद में बिस्तर में बिच्छू डालकर उसे मारने की कोशिश की गई। मान्यता है कि बहन के प्रेम के कारण हर बार भाई सुरक्षित रहा।
यह भी पढ़ें- जशपुर के गढ़ाटोली में शराब के नशे में बेटे ने मां को पीट-पीटकर मार डाला, पुलिस ने किया गिरफ्तार
बहनें गाती हैं पारंपरिक गीत
सुबह आंगन या घर के बाहर गोबर से यमलोक का चित्र बनाया जाता है। इसमें यम और यमनी, सांप, बिच्छू और दीवार के चित्र शामिल होते हैं। पूजा के बाद बहनें मूसल से यमलोक और वहां भाई को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों को कूटती हैं। इसे गोधन कूटना कहा जाता है।
इस दौरान वे पारंपरिक गीत गाती हैं—‘अवरा कुटीला भवरा कुटीला, कुटीला यम के दुआर, कुटीला भईया के दुश्मन, चारू पहर दिन रात।’ मान्यता है कि इस तरह कूटने से यमलोक के निवासी और यम-यमनी भाग जाते हैं।
गोधन कूटने के बाद मूसल को यमलोक में रखकर भाई को उसके ऊपर से पार कराया जाता है। बहनें भाइयों को प्रसाद के रूप में चना, लौंग, इलायची और सुपारी खिलाती हैं। साथ ही मिठाई और भोजन भी कराती हैं।
पं. मनोज रमाकांत मिश्र ने बताया लोक मान्यता है कि द्वितीया के दिन भाइयों को गालियां और श्राप देने से उन्हें यमराज का भय नहीं होता। यह बहुत प्राचीन परंपरा है। बहनें गोधन पूजा के रूप में इसे मनाती हैं और प्रायश्चित स्वरूप अपनी जीभ में कांटा चुभाती हैं