बिलासपुर: काली रात में गैंती-टंगिया लेकर बैंक की दीवार भेदने घुसे 5 शातिर अपराधी; जाने कैसे फंसे पुलिस के चंगुल में?
रतनपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: बेलतरा ग्रामीण बैंक और एटीएम में सेंध लगाने वाले ५ शातिर लुटेरे गिरफ्तार; सीसीटीवी फुटेज से खुले राज, गैंती-टंगिया और बाइ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 10 Jul 2026 08:03:18 AM (IST)Updated Date: Fri, 10 Jul 2026 08:03:18 AM (IST)
रतनपुर पुलिस की गिरफ्त में आरोपित युवकHighLights
- बेलतरा बैंक में सेंधमारी करने वाले पांच आरोपी पहुंचे जेल
- रतनपुर पुलिस ने दबोचे नेवसा और गिधौरी के शातिर चोर
- ग्रामीण बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठा सवाल
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: रतनपुर पुलिस ने बेलतरा स्थित ग्रामीण बैंक और एटीएम में सेंध लगाकर चोरी का प्रयास करने वाले पांच आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित की पहचान बैंक में लगे सीसीटीवी के फुटेज के आधार पर की। गिरफ्तार आरोपित के कब्जे से चोरी किया गया स्टेबलाइजर, राउटर, वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें तथा बैंक की दीवार, लाकर और एटीएम तोड़ने में प्रयुक्त गैंती व टंगिया जब्त की गई है।
आरोपित के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। डीएसपी नुपूर उपाध्याय ने बताया कि बेलतरा ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक ने छह जुलाई को रतनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि चार जुलाई की शाम बैंक बंद कर कर्मचारी अपने-अपने घर चले गए थे। सोमवार सुबह बैंक खोला गया तो पीछे की दीवार में सेंध लगी मिली। शाखा प्रबंधक ने बैंक और सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई, जिसमें बैंक का राउटर और बाहर लगा स्टेबलाइजर गायब मिला।
साथ ही बैंक के लाकर और एटीएम को धारदार हथियारों से तोड़ने का प्रयास किए जाने के भी साक्ष्य मिले। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अधिकारियों के निर्देश पर सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्धों की पहचान के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने सुमेष कश्यप उर्फ सोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर बैंक में चोरी की नीयत से सेंध लगाने, लाकर और एटीएम तोड़ने का प्रयास करने तथा राउटर और स्टेबलाइजर चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपित सुमेष कश्यप (29), सूरज कुमार विश्वकर्मा (26), नवीन कुमार बैसवाड़े (28), खिकराम खैरवार उर्फ विक्की (25) और प्रकाश यादव उर्फ बौना (19) को गिरफ्तार किया। सभी आरोपित रतनपुर थाना क्षेत्र के नेवसा और गिधौरी गांव के निवासी हैं। आरोपित की निशानदेही पर चोरी किया गया राउटर, स्टेबलाइजर, वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें, गैंती और टंगिया बरामद कर जब्त की गई। सभी आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।