
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। जिला मुख्यालय में जल्द ही खाकी का एक नया और बेहद आधुनिक रूप देखने को मिलेगा। यहां प्रदेश का दूसरा सबसे सर्वसुविधायुक्त और हाईटेक पुलिस अधीक्षक कार्यालय आकार ले रहा है। रायपुर के बाद बिलासपुर का यह नया एसपी ऑफिस छत्तीसगढ़ का ऐसा दूसरा जिला मुख्यालय होगा, जहां न केवल पुलिस अफसरों को काम करने के लिए कॉर्पोरेट जैसा माहौल मिलेगा, बल्कि अपनी शिकायतें और समस्याएं लेकर आने वाले आम नागरिकों को भी सुविधाएं मिलेंगी।
एसपी रजनेश सिंह ने नए कार्यालय की खूबियों को साझा करते हुए बताया कि इस तीन मंजिला नए भवन में हर स्तर पर आधुनिकता और कार्यकुशलता का ध्यान रखा गया है। पूरे भवन को एक कंट्रोल एंड कमांड सेंटर की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है, जो पुलिसिंग व्यवस्था को पूरी तरह बदल कर रख देगा।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़ेंगे थानेदार: अब मौके पर ही मिलेंगे दिशा-निर्देश
वर्तमान व्यवस्था में जिले के थानेदारों को किसी भी विभागीय काम, समीक्षा बैठक या दिशा-निर्देश लेने के लिए लंबी दूरी तय कर एसपी दफ्तर आना पड़ता है। इससे उनका काफी समय बर्बाद होता है। नए हाईटेक भवन में इस समस्या का स्थाई समाधान कर दिया गया है। एसपी चेंबर में मुख्य रूप से एक आधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम लगाया जा रहा है। इसके जरिए एसपी सीधे थानों से जुड़ सकेंगे। अब थानेदारों को बैठे-बैठे ही सारे दिशा-निर्देश मिल जाएंगे और कार्यालयीन काम भी ऑनलाइन ही निपटा लिए जाएंगे।
सीसीटीएनएस पार्ट-2 से थानों का ''''रीयल टाइम'''' कनेक्शन, केस डायरी होगी डिजिटल
नए कार्यालय में एक अत्याधुनिक सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स) लैब बनाई जा रही है। एसपी रजनेश सिंह ने बताया कि जल्द ही सीसीटीएनएस का पार्ट-2 आ रहा है, जिससे जिले के सभी थाने सीधे जुड़े रहेंगे।
1. फास्ट डेटा अपलोडिंग: थानों का सारा डेटा बेहद तेजी से इस लैब में अपलोड होगा।
2. पेपरलेस वर्क और इलेक्ट्रॉनिक एविडेंस: आधुनिक विवेचना के तहत अब मामलों में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
3 अदालत से सीधा जुड़ाव: यह सिस्टम सीधे कोर्ट से लिंक रहेगा। अदालत में जैसे ही एफआईआर पर क्लिक किया जाएगा, उससे जुड़े सारे इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य स्क्रीन पर दिखने लगेंगे। इससे विवेचना और अदालती कार्यवाही में तेजी आएगी।
प्रशिक्षित स्टाफ संभालेगा मोर्चा, जेम पोर्टल से हुई खरीदारी
इस सर्वसुविधायुक्त भवन में डीसीआरबी, डीसीबी, शिकायत शाखा और एसआरसी शाखा को बेहद पेशेवर अंदाज में तैयार किया जा रहा है। यहां काम करने वाले पुलिसकर्मियों को यह अहसास होगा कि वे एक कॉर्पोरेट लीडर की तरह काम कर रहे हैं। इस हाईटेक लैब और दफ्तरों में केवल उन्हीं चुनिंदा पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा, जिन्हें विशेष रूप से इस कार्य के लिए लगातार एडवांस ट्रेनिंग दी गई है। खास बात यह है कि इस कार्यालय के लिए फर्नीचर और स्टेशनरी से लेकर सभी जरूरी सामानों की खरीदी पूरी पारदर्शिता के साथ शासकीय ''''जेम पोर्टल'''' से की गई है।
एक नजर में नया एसपी ऑफिस
नए भवन का ढांचा और सुविधाएं
मंजिलें: 03 मंजिला आधुनिक सर्वसुविधायुक्त भवन।
कमरे: कुल 60 कमरों का निर्माण, जिसमें अफसरों के अलग चैंबर।
विभागीय दफ्तर: एएसपी रूरल हेडक्वार्टर, आरआई ऑफिस और ऑडलरी रूम की व्यवस्था।
स्मार्ट मीटिंग हॉल: आधुनिक प्रोजेक्ट, पीपीटी और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधाओं से लैस।
फरियादियों और स्टाफ के लिए खास
आगंतुक कक्ष (विजिटर रूम): दफ्तर के ग्राउंड फ्लोर (नीचे) पर आम जनता और शिकायतकर्ताओं के बैठने के लिए एक शानदार आगंतुक कक्ष बनाया जा रहा है, ताकि उन्हें परेशान न होना पड़े।
इन-हाउस कैंटीन: एसपी दफ्तर आने वाले लोगों और दिन-रात ड्यूटी करने वाले स्टाफ को अब चाय, नाश्ते या भोजन के लिए बाहर नहीं भटकना पड़ेगा। परिसर के भीतर ही एक सर्वसुविधायुक्त कैंटीन भी बनाई जा रही है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में लोक निर्माण विभाग की बड़ी लापरवाही: बेमौसम बारिश में ही बह गई जोंधरा-लवन सड़क, फूटा ग्रामीणों का गुस्सा