
नईदुनिया प्रतिनिधि,बिलासपुर: त्योहारी सीजन में मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग शहर में अभियान चला रहा है। कलेक्टर और नियंत्रक के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शहर के प्रमुख मिष्ठान प्रतिष्ठानों में दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान न्यू दिल्ली स्वीट्स और श्री बालाजी स्वीट्स सहित कई दुकानों से खोवा और बेसन लड्डू के नमूने जांच के लिए संकलित किए गए।
खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। जांच टीम ने सत्यम चौक स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स में दबिश देकर खाद्य सुरक्षा मानकों को परखा। इसके बाद श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित श्री बालाजी स्वीट्स एंड नमकीन से बेसन लड्डू और खोवा के सैंपल लिए। वहीं विनायक मावा फर्म और विक्रेता मनोज गुप्ता के यहां से भी खोवा के नमूने जब्त कर जांच के लिए भेजे गए हैं।
निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में गंदगी और खाद्य पदार्थों के रखरखाव में लापरवाही पाई गई। अधिकारियों ने इन कमियों पर नाराजगी जताते हुए अभिहित अधिकारी को संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियम अनुसार 'सुधार सूचना' जारी करने की अनुशंसा की है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के जज बोले- बच्चे के लिए मां की ममता जरूरी, पिता की याचिका खारिज कर तय किए मिलने के नियम
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जब्त किए गए सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिया गया है। लैब से रिपोर्ट आने के बाद मिलावट पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि मिलावटखोरी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। त्योहारी सीजन में लोगों की सेहत की सुरक्षा प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा।