
बिलासपुर। नईदुनिया प्रतिनिधि। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की कार्रवाई से शहर के मिलावटखोरों और नामचीन संस्थानों में हड़कंप मच गया है। पिछले एक महीने के भीतर शहर के विभिन्न प्रमुख प्रतिष्ठानों से खाद्य सामग्रियों के सैंपल एकत्रित कर जांच के लिए राज्य स्तरीय प्रयोगशाला, रायपुर भेजे गए थे। लैब से प्राप्त रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं, जहां शहर के 9 बड़े एवं प्रतिष्ठित संस्थानों से लिए गए सैंपल पूरी तरह अमानक (फेल) पाए गए हैं।
इनमें दैनिक उपयोग में आने वाले पनीर, घी, पोहा और चना जैसी सामाग्रियां शामिल हैं। इसमे नामी ब्रांड अमूल और वचन का घी अमानक पाया गया है। वही अब खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग मानव स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले इन संस्थानों पर विभागीय नियमों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी में जूट गया है।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शहर के नामी सुपर मार्ट, कैफे और ढाबों से लिए गए खाद्य पदार्थ लैब टेस्ट में खरे नहीं उतरे। शौर्य सुपर मार्ट से अमूल व गोवर्धन जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड्स के घी और अपना मार्ट से वचन घी का सैंपल अमानक पाया गया। वहीं रिलायंस रिटेल (भाटापारा) से लिया गया चना एवं लाल किला पोहा भी गुणवत्ता मानकों पर विफल रहा।
शहर के विभिन्न रेस्टोरेंट और डेरी से लिए गए पनीर के नमूनों में भी भारी गड़बड़ी पाई गई है। मालूम हो विभाग बीते एक माह से लगातार खाद्य सामाग्रियों की सैंपल ले रहे थे, जिसे तत्काल जांच के लिए रायपुर स्थित जांच लैब में भेज रही थी, इस दौरान लगभग दो दर्जन से ज्यादा सैंपल भेजे गए थे, जिसमे से नौ संस्थान के सैंपल रिपोर्ट फेल होने की जानकारी दी है।
- नेशनल डेयरी - पनीर
- अलीमेंटो कैफे - पनीर
- अलकार्ट - दही एवं पनीर
- गरिमा फैमिली ढाबा - अंडा करी
- रिलायंस रिटेल (भाटापारा) - चना एवं लाल किला पोहा
- अमृततुल्य फूड एवं बेवरेजेस - पनीर
- सेलेस्टी रेस्तरां - पनीर
- शौर्य सुपर मार्ट - अमूल एवं गोवर्धन घी
- अपना मार्ट (देवरीखुर्द) - वचन घी
त्योहारों के दौरान शहर भर से लिए गए मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल की रिपोर्ट अभी आना बाकी है। विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि लैब से रिपोर्ट प्राप्त होते ही जिन भी दुकानों या संस्थानों में अमानक एवं मिलावटी खाद्य सामग्री की पुष्टि होगी, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इन रिपोर्ट में एक चौकाने वाली बात यह भी सामने आई है कि एक साथ पांच प्रतिष्ठान से लिए गए पनीर के सभी सैंपल फेल हो गए है। किसी भी संस्थान का पनीर मानक स्तर का नहीं था।इससे यह तो साफ है कि पनीर में मिलावट का बड़ा खेल चल रहा है। ऐसे में पनीर का सेवन करने से पहले पूरी पड़ताल करना जरुरी हो गया है, अमानक पनीर के सेवन से कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
यह भी पढ़ें- बाजार में उछले शक्कर के दाम..सप्लायरों ने खींचे हाथ; टेंडर के फेर में फंसी शक्कर, रसोई से मिठास गायब
पांच नमूनों में लेड की मात्रा ज्यादा खाद्य विभाग के अधिकारी के अनुसार घी में लेड की निर्धारित सीमा 0.02 एमजी/केजी है। जांच में अमूल में 0.037 एमजी/केजी, वचन में 0.161 एमजी/केजी लेड मिला। नमूनों में लेड की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक रही। वचन के नमूने में यह मात्रा तय सीमा से करीब आठ गुना ज्यादा है, जो स्वास्थ्य के लिए सही नहीं है।
सिम्स के एमएस डा़ लखन सिंह का कहना है कि घी में लेड की मात्रा निर्धारित मानक 0.2 के भीतर होनी चाहिए। यदि किसी खाद्य पदार्थ में लेड की मात्रा तय सीमा से अधिक पाई जाती है तो यह गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा की चिंता का विषय है। लंबे समय तक अधिक मात्रा में लेड का सेवन शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इसका असर किडनी और मस्तिष्क सहित शरीर के विभिन्न अंगों पर पड़ सकता है। लगातार संपर्क में रहने से याददाश्त और एकाग्रता जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। इसलिए लेड की अधिक मात्रा वाले खाद्य पदार्थों के नियमित सेवन से बचना चाहिए। ऐसे मामलों में समय पर चिकित्सकीय सलाह और आवश्यक जांच कराना जरूरी है।
प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट में 9 प्रतिष्ठानों के खाद्य सैंपल अमानक पाए गए हैं। सभी संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी किया जा रहा है। नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है। आरआर देवांगन, अभिहित अधिकारी