हथनी नवागांव में आवास प्लस 2.0 में फर्जीवाड़ा, सरपंच-पंचों पर स्वजन को लाभ दिलाने का आरोप
बिल्हा के हथनी नवागांव में आवास प्लस 2.0 चयन में फर्जीवाड़े का आरोप लगा, ग्रामीणों ने सरपंच-पंचों पर स्वजन के नाम जोड़ने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर से जांच की मांग की।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 09:15:33 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 09:15:33 PM (IST)
अपर कलेक्टर शिव बनर्जी के सामने अपनी बात रखते ग्रामीणHighLights
- आवास चयन में फर्जीवाड़ा।
- सरपंच-पंचों पर स्वजन को लाभ का आरोप।
- ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुरः प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास प्लस 2.0 की हितग्राही चयन प्रक्रिया पर ग्रामीणों ने फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है। बिल्हा विकासखंड की ग्राम पंचायत हथनी नवागांव के ग्रामीणों ने सरपंच, उपसरपंच और पंचों पर पद का दुरुपयोग कर गुपचुप तरीके से अपने ही परिवार के सदस्यों के नाम पात्रता सूची में जुड़वाने का गंभीर आरोप लगाया है।
सोमवार को ग्रामीणों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर पंचायत प्रतिनिधियों के लाभार्थी स्वजन की नामजद सूची सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और अपात्रों के नाम काटने की मांग की।
ग्रामीणों ने शिकायत में बताया कि गांव के अनेक गरीब व जरूरतमंद परिवार आज भी कच्चे मकानों में रहने को मजबूर हैं, लेकिन उन्हें योजना के लाभ से वंचित कर दिया गया है। आवेदन देने पहुंची नवागांव की 48 वर्षीय गीता गेंदले और सुकृति बाई लहरे ने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने और पक्का मकान नहीं होने के बावजूद उनका नाम सूची से काट दिया गया, जबकि उनके साथ फार्म भरने वाले कई संपन्न लोगों के नाम शामिल कर लिए गए हैं।
ग्रामीणों ने गांधीराम, अशोक पटेल और केशव प्रसाद सहित अन्य के हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन सौंपकर पुनः सर्वे कराने व दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें- शादी के सीजन में कोरबा के रेल यात्रियों की बढ़ेगी मुसीबत: 6 से 18 दिसंबर तक रद रहेंगी 12 ट्रेनें
ग्रामीणों ने सौंपी सबूतों की सूची, किस प्रतिनिधि के परिवार से जुड़े नाम
- सरपंच ज्योति बंजारे के परिवार से पूर्णिमा बंजारे, लाला बाई, चंद्रकली, बुध्या बाई व शांति बाई सहित अन्य के नाम शामिल करने का आरोप है।
- उपसरपंच अमरनाथ बरगाह के परिवार से बेहतरीन बाई व सिया बाई तथा मंडी अध्यक्ष राजकुमार बरगाह के परिवार से छह सदस्यों के नाम सूची में होने का दावा किया गया है।
- वार्ड पंचों अमरदास टंडन, भासमति, संतोष, बिनेश, झुलराम, मनहरण, गीता माहिया व पूर्णिमा के परिवार के सदस्यों को भी हितग्राही बनाया गया है।
पात्रता सूची से अपात्रों को हटाकर दोबारा सर्वे की मांग
आक्रोशित ग्रामीणों ने मांग की है कि हथनी नवागांव में आवास प्लस 2.0 की चयनित सूची की तत्काल निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा गलत तरीके से जुड़वाए गए अपात्रों के नाम सूची से हटाकर गांव के वास्तविक गरीब और जरूरतमंद परिवारों का पुनः सर्वे कराते हुए उन्हें आवास का लाभ दिलाया जाए।