नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा: बिलासपुर-झारसुगुड़ा चौथी रेल लाइन परियोजना के कार्य का असर दिसंबर में कोरबा के रेल यात्रियों की आवाजाही पर पड़ेगा। चांपा स्टेशन को चौथी रेल लाइन से जोड़ने के लिए नान-इंटरलाकिंग (एनआइ) और चांपा-जांजगीर नैला सेक्शन में आटो सिग्नलिंग का कार्य किया जाएगा। इसके चलते छह से 18 दिसंबर तक कोरबा से रायपुर, बिलासपुर और अन्य शहरों के लिए चलने वाली कई यात्री ट्रेनें रद्द रहेंगी। वहीं, कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन बिलासपुर तक सीमित कर दिया गया है।
कई एक्सप्रेस ट्रेनें भी निर्धारित समय से देरी से रवाना होंगी। ऐसे में इस अवधि में रेल से यात्रा करने वाले कोरबा के यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना में बदलाव करना पड़ सकता है।
चौथी रेल लाइन के कार्य के कारण सबसे अधिक परेशानी लोकल और मेमू ट्रेनों से रोजाना बिलासपुर तथा रायपुर आने-जाने वाले यात्रियों को होगी। कोरबा-रायपुर पैसेंजर और रायपुर-कोरबा पैसेंजर का परिचालन छह से 17 दिसंबर तक बंद रहेगा। इसी तरह गेवरारोड-रायपुर मेमू और रायपुर-गेवरारोड मेमू भी निर्धारित अवधि में रद्द रहेंगी। इससे नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और दैनिक यात्रियों के सामने आवागमन का विकल्प तलाशने की चुनौती रहेगी।
छह से 17 दिसंबर तक रायपुर-कोरबा पैसेंजर रद्द रहेगी। वहीं, सात से 18 दिसंबर तक कोरबा-रायपुर पैसेंजर का परिचालन नहीं होगा। रायपुर-गेवरारोड मेमू और गेवरारोड-रायपुर मेमू भी इसी अवधि में रद्द रहेंगी। इसके अलावा बिलासपुर-गेवरारोड-बिलासपुर मेमू और बिलासपुर-कोरबा-बिलासपुर मेमू सात से 18 दिसंबर तक रद्द रहेंगी। इन ट्रेनों के बंद रहने से कोरबा और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को बिलासपुर तक पहुंचने में परेशानी होगी।
यह भी पढ़ें- कोरबा में बीमारी ठीक करने के नाम पर कराया था मतांतरण, 500 लोगों ने फिर अपनाया सनातन
इन ट्रेनों का सफर भी होगा प्रभावित
चौथी रेल लाइन के कार्य के कारण कोरबा से चलने वाली कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित रहेगा। सात से 18 दिसंबर तक कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस बिलासपुर से रवाना होगी, जबकि विशाखापट्टनम-कोरबा लिंक एक्सप्रेस बिलासपुर में ही समाप्त होगी। इसी तरह कोरबा-विशाखापट्टनम लिंक एक्सप्रेस का परिचालन बिलासपुर से किया जाएगा।
गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू भी सात से 18 दिसंबर तक बिलासपुर में ही समाप्त और वहीं से प्रारंभ होगी।
गोंडवाना एक्सप्रेस के निर्धारित फेरों में 10, 12 और 14 दिसंबर को बिलासपुर-रायगढ़ के बीच परिचालन प्रभावित रहेगा।
एक्सप्रेस ट्रेनों के लिए करना होगा इंतजार
रेलवे ने कुछ ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी बदलाव किया है। 10 से 14 दिसंबर तक आजाद हिंद एक्सप्रेस तीन घंटे और मुंबई-हावड़ा एक्सप्रेस ढाई घंटे देरी से रवाना होगी। 11 से 15 दिसंबर तक जनशताब्दी और रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस दो-दो घंटे विलंब से चलेंगी।
उत्कल एक्सप्रेस के दोनों दिशाओं के फेरों में सात से नौ घंटे तक की देरी होगी। इसके अलावा शालीमार, भुवनेश्वर-एलटीटी, पुरी-एलटीटी, हीराकुंड और कोरबा-इतवारी शिवनाथ एक्सप्रेस के समय में भी बदलाव किया गया है।
हसदेव एक्सप्रेस से कोरबा-बिलासपुर के बीच मिलेगी राहत
ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों को होने वाली परेशानी को देखते हुए रेलवे ने हसदेव एक्सप्रेस के परिचालन में बदलाव किया है।
सात से 18 दिसंबर तक कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस को कोरबा-बिलासपुर-कोरबा के बीच पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाया जाएगा। इससे कोरबा और बिलासपुर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को कुछ राहत मिलेगी, हालांकि रायपुर तक जाने वाले यात्रियों को बिलासपुर से आगे की यात्रा के लिए दूसरे साधन या ट्रेन का विकल्प तलाशना होगा।
रेलवे के अनुसार बिलासपुर-झारसुगुड़ा के बीच 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन परियोजना पूरी होने से इस व्यस्त रेल कारिडोर की यातायात क्षमता बढ़ेगी।
बालपुर-रायगढ़ के बीच पटरी बिछी, नहीं चली यात्री गाड़ी राज्य के बड़े व्यवसायिक केंद्र ऊर्जाधानी में रेलवे स्टेशन होने के बाद भी बड़े शहरों के लिए नियमित ट्रेन की सुविधा नहीं है। लंबी दूरी तय करने के लिए बस यात्रा करना लोगाें की मजबूरी है।
शहर के यात्रियाें को रायगढ़ रूट की ओर सफर करनी हो तो उन्हे चांपा जाना पड़ता है। सफर को आसान करने के लिए बालपुर से सारागांव रेलवे स्टेशन का विस्तार किया गया है। इस मार्ग में अब तक एक बार भी यात्री ट्रेन नहीं चली है।
दस साल पहले जब पटरी बिछाई जा रही थी तब लोगो को उम्मीद थी कि अब कोरबा से सीधे सक्ती और रायगढ़ का सफर आसान होगा।
लोगों को क्या मालूम था कि रेल लाइन केवल मालगाड़ी के लिए बिछाई जा रही है।
कोयला साइडिंग बनकर रह गया गेवरा स्टेशन
शहर से होकर आने-जाने वाली यात्री ट्रेनों की लेट लतीफी अब आम बात हो गई। शासकीय अथवा निजी काम के लिए नियमित समय पर दूसरे पहुंचना अब यात्रियों के लिए दूभर हो गया है।
बिलासपुर, रायपुर जैसी सीमित दूरी की यात्रा के लिए लोगों को ट्रेन की सस्ती यात्रा को छोड़ बस की महंगी यात्रा करनी पड़ रही है।
माल गाड़ियो को वरीयता देने के लिए गेवरा स्टेशन नियमित ट्रेनों की संख्या कम कर दी है। नियमित यात्रा करने वालो को अब कोरबा रेलवे स्टेशन की दौड़ लगानी पड़ रही है।