
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय न्यायाधीश एवं रायगढ़ जिले के पोर्टफोलियो जज जस्टिस सचिन सिंह राजपूत ने दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने 25 और 26 जुलाई को रायगढ़ के विभिन्न न्यायालयों तथा जिला जेल का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न्यायिक कामकाज, आधारभूत ढांचे और जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
न्यायाधिपति जस्टिस सचिन सिंह राजपूत ने अपने दो दिवसीय दौरे के पहले दिन 25 जुलाई को जिला एवं सत्र न्यायालय रायगढ़ के साथ बाह्य न्यायालय घरघोड़ा और खरसिया का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने अदालतों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और पक्षकारों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने।
उन्होंने मामलों के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निराकरण तथा न्याय प्रणाली को जनोन्मुखी बनाने के निर्देश दिए। दौरे के दूसरे दिन 26 जुलाई को पोर्टफोलियो जज ने जिला जेल रायगढ़ का निरीक्षण किया। उन्होंने कैदियों के स्वास्थ्य, आवास, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाओं और दैनिक भोजन व्यवस्था का जायजा लिया। बंदियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र निस्तारण के लिए जेल प्रशासन को निर्देशित किया। इस दौरान जस्टिस राजपूत ने बंदियों के लिए बने भोजन को स्वयं ग्रहण कर उसकी गुणवत्ता और स्वाद की जांच की।
यह भी पढ़ें- 682 दुकानदारों को राहत, 18 पर बेदखली की तलवार: बुधवारी बाजार के व्यापारियों ने रेलवे की कार्रवाई को बताया अन्याय
जज ने स्वयं खाना खाकर परखी भोजन की गुणवत्ता
जिला जेल रायगढ़ के निरीक्षण के दौरान जस्टिस सचिन सिंह राजपूत ने एक मिसाल पेश की। उन्होंने बंदियों के लिए तैयार किए गए भोजन को स्वयं ग्रहण कर उसकी गुणवत्ता और पौष्टिकता की जांच की। इसके साथ ही उन्होंने कैदियों से सीधा संवाद कर उनके स्वास्थ्य, आवास और चिकित्सा संबंधी सुविधाओं की जानकारी ली व जेल प्रशासन को व्यवस्थाएं बेहतर रखने के निर्देश दिए।