
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। राजकिशोर नगर स्थित होटल ग्रैंड गुलमोहर से पनीर टिक्का बिरयानी मंगाने वाले शाकाहारी परिवार को चिकन बिरयानी भेज दी गई। परिवार का आरोप है कि शिकायत के बाद होटल ने गलती स्वीकार कर माफी मांगी, लेकिन शाकाहारी बिरयानी दोबारा भेजने के लिए 100 रुपये अतिरिक्त वसूले। परिवार कलेक्टर, खाद्य सुरक्षा प्रशासन और उपभोक्ता फोरम में शिकायत करने की तैयारी कर रहा है।
स्थानीय निवासी प्रज्ञा बैसवाडे ने शनिवार दोपहर 2:48 बजे जोमैटो के जरिये 445 रुपये देकर पनीर टिक्का बिरयानी का आनलाइन आर्डर किया था। भोजन करते समय चावल में चिकन के टुकड़े मिलने पर परिवार हैरान रह गया। प्रज्ञा के पिता प्रफुल्ल बैसवाडे के मुताबिक, उनका परिवार शुद्ध शाकाहारी है और उनकी बेटी ने कभी मांसाहार नहीं किया। घटना के बाद बेटी ने खाना-पीना छोड़ दिया है।
परिवार ने बिल, आर्डर और भोजन से जुड़े साक्ष्य सुरक्षित रखे हैं। उनका कहना है कि यह मामला केवल रुपये या माफी का नहीं, बल्कि आस्था और विश्वास से जुड़ा है। उन्होंने होटल पर कार्रवाई और लाइसेंस रद्द करने की मांग की है। परिवार ने रसोई में शाकाहारी और मांसाहारी भोजन की तैयारी तथा पैकिंग के लिए अलग व्यवस्था न होने पर भी सवाल उठाया है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में 4.03 करोड़ के 16 विकास कार्य अधूरे, कार्यपालन अभियंता को कारण बताओ नोटिस, तीन दिन में जवाब तलब
होटल ग्रैंड गुलमोहर के मैनेजर धर्मेंद्र पाटले ने बताया कि चिकन टिक्का बिरयानी का भी एक आर्डर था। डिलीवरी ब्वाय ने गलती से पनीर टिक्का की जगह चिकन बिरयानी का पार्सल दे दिया। भूल का पता चलने पर माफी मांगकर पनीर टिक्का बिरयानी भेजी गई। उनके अनुसार, यह अनजाने में हुई चूक थी।
प्रफुल्ल बैसवाडे ने कहा कि उनकी बेटी के लिए यह असहनीय है। परिवार कलेक्टर, खाद्य सुरक्षा विभाग और उपभोक्ता फोरम में शिकायत दर्ज कराएगा।