
नईदुनिया न्यूज, मुंगेली। खाना बनाने में देरी को लेकर पत्नी से हुए विवाद में उसकी हत्या करने वाले पति को सत्र न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। आरोपी ने चूल्हे से जलती हुई लकड़ी की अंगीठी निकालकर पत्नी पर प्राणघातक हमला किया था। मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से पेश किए गए 15 गवाहों के बयान और वैज्ञानिक प्रयोगशाला की रिपोर्ट अहम साक्ष्य साबित हुए। सत्र न्यायाधीश मुंगेली की पीठासीन अधिकारी श्रीमती गिरिजा देवी मरावी ने आरोपी को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास एवं अर्थदंड से दंडित किया।
अभियोजन के अनुसार, चौकी खुड़िया, थाना लोरमी क्षेत्र के ग्राम औरपानी निवासी तितरु बैगा पिता स्वर्गीय वीरसिंह बैगा (45) का अपनी पत्नी जूगरी बाई बैगा से खाना देर से बनाने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने खाना बनाने के चूल्हे से जलती हुई लकड़ी की अंगीठी निकालकर पत्नी पर हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल जूगरी बाई की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने मृतका के शव को खटिया पर सुला दिया था।
घटना की जानकारी मृतका के पुत्र ने पुलिस को दी, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी स्वयं को बसूला से चोट पहुंचाने लगा था। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना की और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए। आरोपी 25 जनवरी 2025 से विचारण अवधि तक जेल में निरुद्ध था।
मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने कुल 15 गवाहों का परीक्षण कराया। इसके अलावा वैज्ञानिक प्रयोगशाला की रिपोर्ट भी महत्वपूर्ण साबित हुई। जांच में जब्त की गई लकड़ी की अंगीठी, आरोपी की जर्सी और घटनास्थल पर मानव रक्त पाए जाने की पुष्टि हुई। न्यायालय ने गवाहों के बयानों और वैज्ञानिक साक्ष्यों को विचारण के दौरान महत्वपूर्ण माना।
प्रकरण में अभियोजन की ओर से लोक अभियोजक रजनीकांत सिंह ठाकुर, मुंगेली ने प्रभावी पैरवी की। वहीं मामले की विवेचना उप निरीक्षक सत्येंद्रपुरी गोस्वामी ने की थी। अभियोजन पक्ष की ओर से प्रस्तुत साक्ष्यों और तर्कों के आधार पर सत्र न्यायालय ने आरोपी तितरु बैगा को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत दोषसिद्ध ठहराते हुए आजीवन कारावास एवं अर्थदंड से दंडित किया। यह सत्र प्रकरण क्रमांक 8/2025 था।
यह भी पढ़ें- अंबिकापुर में बदहाल सड़कों को लेकर प्रदर्शन, घेराव की भनक लगते ही दफ्तर छोड़कर चले गए अधिकारी