
बिलासपुर। नईदुनिया प्रतिनिधि। एक बार फिर अस्पतालों में मौसम का असर देखने को मिला। सरकारी के साथ निजी अस्पतालों में मरीजों की जमकर भीड़ उमड़ी। मौसम में बदलाव की वजह से लोग बीमार पड़े है। इसी वजह से सिम्स में सोमवार को जमकर भीड़ उमड़ी। दोपहर दो बजे तक ओपीडी खत्म होते तक 2314 मरीज होने के बाद भी मरीजों की लाइन लगी रही। ऐसे में सभी डिपार्टमेंट के ओपीडी में चिकित्सकों को अतिरिक्त समय तक इलाज करने के लिए बाध्य होना पड़ा। इसके बाद भी दर्जनों मरीज इलाज से वंचित हो गए। ओपीडी में सर्दी, खासी, बुखार और चर्म रोग के मरीज बड़े है, यह सब मौसम की वजह से हो रहा है।
सुबह 9 बजे से ही सिम्स के साथ ही जिला अस्पताल की ओपीडी में भीड़ उमड़ने लगी थी, भीड़ देखकर चिकित्सक भी समझ गए के फिर से मौसमी बीमारी अपना तेवर दिखा रहा है और लोगों को बीमार बना रहा है। ऐसे में पर्ची कटवाने सबसे ज्यादा भीड़ रही।
मरीजों को घंटों लाइन में खड़े रहना पड़ा। संख्या ज्यादा होने से मरीजों के साथ चिकित्सकों व अन्य स्टाफ को भी परेशानी हुई। मरीजों की संख्या ज्यादा होने पर चिकत्सकों को भी जल्दी जल्दी उपचार करना पड़ा। लेकिन दोपहर में ओपीडी खत्म होते तक मरीज बचे रहे। इसको देखते हुए 15 मिनट ज्यादा ओपीडी का संचालन किया गया।
इसके बाद भी सैकड़ों मरीज उपचार से वंचित हुए हैं। चिकित्सको के मुताबिक अभी कुछ दिनों से बारिश सही तरीके से नहीं हो रहा है और मौसम में उमस बढ़ गया है, इसकी वजह से मौसमी बीमारियों के वायरस और भी ताकतवर हो गए हैं और लोगों को बीमार बना रहे हैं। ऐसे में इस मौसम में बीमारियों से बचने के स्वास्थ्य गत सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
मरीज किसी तरह डाक्टर के पास पहुंचकर उपचार करा ले रहे थे। इसके बाद उन्हें दूसरी समस्या से जूझना पड़ा। दवा काउंटर में भी मरीजों की काफी भीड़ थी। यहां भी दवा लेने के लिए मरीजों की लंबी लाइन लगी रही। ऐसे में दवा लेने में ही एक से दो घंटे तक का अतिरिक्त समय लगा।
मौसमी बीमारी का कहर चल रहा है, ऐसे में सर्दी, बुखार, कमजोरी, बदन दर्द के मरीज सबसे ज्यादा पहुच रहे हैं। इसी तरह मौसम में उमस होने के कारण लोग त्वचा सम्बन्धित बीमारियों का भी सामना कर रहे हैं। इसी वजह से सबसे ज्यादा भीड़ मेडिसिन और स्किन ओपीडी में उमड़ी है।
यह भी पढ़ें- 86 माह का डीए एरियर्स अटका, शिक्षकों-कर्मचारियों में आक्रोश, तत्काल भुगतान की मांग उठी