बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद में पति ने पत्नी को जमीन पर पटककर पीटा, जुर्म दर्ज
बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिल्हाटी नालापारा में घरेलू विवाद को लेकर पति आदित्य रात्रे ने पत्नी सायनी रात्रे को जमीन पर पटककर ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 15 Oct 2026 09:19:58 PM (IST)Updated Date: Thu, 15 Oct 2026 09:19:58 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- घरेलू विवाद में पत्नी को जमीन पर पटककर पीटा।
- घायल महिला को सिम्स अस्पताल में कराया भर्ती।
- मां की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया जुर्म।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: सरकंडा थाना क्षेत्र के ग्राम चिल्हाटी नालापारा में घरेलू विवाद को लेकर पति द्वारा पत्नी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। मारपीट में घायल 27 वर्षीय महिला को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला की मां की शिकायत पर पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।
सीपत थाना क्षेत्र के मुड़पार भाठापारा निवासी सतरुपा डहरिया (45) खेती-किसानी करती हैं। उनकी बेटी सायनी रात्रे की शादी ग्राम चिल्हाटी नालापारा निवासी आदित्य रात्रे से हुई है। सतरुपा का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनका दामाद घरेलू बातों को लेकर बेटी से आए दिन विवाद और मारपीट करता था। बेटी का घर बसा रहे, इस उम्मीद में परिवार के लोग दोनों को समझाते रहे, लेकिन इसके बावजूद मारपीट बंद नहीं हुई।
शिकायत के मुताबिक, बुधवार की सुबह करीब सात बजे फिर घरेलू विवाद हुआ। इस दौरान आदित्य ने सायनी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और उसे जमीन पर पटक दिया। इससे सायनी की कमर, दोनों हाथ, चेहरे और गले में चोटें आईं।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर के बेलगहना में निलंबित शिक्षक दंपति ने सहायक शिक्षक को पीटा, शिकायत की शंका पर दी जान से मारने की धमकी
घटना की जानकारी मिलने पर सतरुपा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बेटी के घर पहुंचीं। आरोप है कि वहां घटना के संबंध में पूछताछ करने पर दामाद उनसे भी विवाद करने लगा। इसके बाद वे घायल बेटी को सिम्स अस्पताल बिलासपुर लेकर पहुंचीं, जहां उसका उपचार जारी है। मां ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।