बिलासपुर में कोरबा की युवती की एक्टिवा डिवाइडर से टकराई, उछलकर दूर जाकर गिरी, मौके पर मौत
बिलासपुर में देर रात तेज रफ्तार एक्टिवा डिवाइडर से टकरा गई, जिससे कोरबा निवासी 21 वर्षीय दिशा मनहर की सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई, पुलिस जांच कर रही है।
Publish Date: Tue, 17 Nov 2026 05:59:38 PM (IST)Updated Date: Tue, 17 Nov 2026 05:59:38 PM (IST)
सड़क पर पड़ा युवती का शव मौके पर लगी भीड़HighLights
- डिवाइडर से टकराई एक्टिवा।
- 21 वर्षीय युवती की मौत।
- पुलिस कर रही जांच।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के श्रीकांत वर्मा मार्ग पर सोमवार की देर रात तेज रफ्तार एक्टिवा अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में 21 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवती उछलकर सड़क पर दूर जा गिरी। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स अस्पताल भिजवाया।
तिफरा के यदुनंदन नगर तिफरा निवासी दिशा मनहर (21), पिता भवानी मनहर, एक्टिवा से देर रात करीब एक से दो बजे के बीच श्रीकांत वर्मा मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार एक्टिवा अनियंत्रित हो गई और सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर के कारण दिशा वाहन से उछलकर सड़क पर गिर गई। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगने से अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 और सिविल लाइन पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। शुरुआत में मृतका की पहचान नहीं हो सकी थी। उसके पास से मिले एटीएम की पर्ची के आधार पर पहचान करने का प्रयास किया गया। बाद में उसकी पहचान दिशा मनहर के रूप में हुई। वह मूल रूप से कोरबा की निवासी थी और वर्तमान में यदुनंदन नगर, तिफरा में रह रही थी। पुलिस ने उसके स्वजन को फोन कर घटना की जानकारी दी।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इसके लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।