
नईदुनिया प्रतिनिधि़, बिलासपुर। भीषण गर्मी के बीच जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल का संकट गहरा गया है। बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे लोग अब दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। कलेक्ट्रेट जनदर्शन में पहुंचे अलग-अलग इलाकों के ग्रामीणों और शहरवासियों ने पानी की किल्लत को लेकर कलेक्टर से गुहार लगाई है।
पचपेड़ी तहसील के ग्राम गौड़ाडीह के ग्रामीणों ने लिखित शिकायत में बताया कि उनके क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत करोड़ों की नल-जल योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है। ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से कागजों में काम पूरा दिखाकर राशि आहरण कर ली गई है, जबकि धरातल पर घटिया पाइपलाइन जगह-जगह से टूट चुकी है और 50 फीसदी घरों में कनेक्शन तक नहीं पहुंचे हैं।
नियमित जलापूर्ति न होने से ग्रामीण पानी के लिए तरस रहे हैं।तो दूसरी तरफ पानी की यही किल्लत शहरी क्षेत्रों में भी देखने को मिल रही है। बंधवापारा के प्रधानमंत्री आवास विधानी चौक की महिलाओं ने बताया कि वे जोन कार्यालय, महापौर और पार्षद के पास चक्कर काटकर थक चुकी हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। वहीं ग्राम पंचायत सेंवार के सरपंच दिलहरण लाल रजक ने वार्ड 11 के अनुसूचित जाति मोहल्ले में पानी की भारी कमी को दूर करने के लिए नए बोर खनन की मांग को लेकर जनदर्शन में आवेदन सौंपा है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर के भवानी ढाबा में युवकों पर लाठी-पत्थरों से हमला, मुख्य आरोपित धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार
पेयजल संकट का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नगर निगम के कई वार्डों में स्थिति विकराल होती जा रही है। वार्ड नंबर 3 के आनंद नगर और वार्ड नंबर 4 के कुछ हिस्सों सहित सिरगिट्टी और अन्य उपनगरीय क्षेत्रों में पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप है, जिसके कारण इन इलाकों में टैंकरों के माध्यम से पानी की अस्थाई सप्लाई की जा रही है।
बगैर काम के राशि आहरण का आरोप
गौड़ाडीह के पंचों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मानकों के अनुरूप कार्य किए बिना ही करोड़ों रुपयों का गबन कर लिया गया है। पानी का प्रेशर न होने से सप्लाई ठप है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय समिति से निष्पक्ष जांच कराने और दोषी ठेकेदार व अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पानी के लिए रोज हो रहे विवाद
बंधवापारा से पहुंची महिला आवेदकों ने कलेक्टर को बताया कि पुराना आवास होने के कारण उन्हें पानी की सुविधा नहीं दी जा रही है। पानी के एक-एक घड़े के लिए मोहल्ले में रोज लड़ाई-झगड़े की स्थिति बन रही है। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नल कनेक्शन और बोर की सुविधा नहीं मिली, तो वे उग्र प्रदर्शन को बाध्य होंगी।