
बिलासपुर। नईदुनिया प्रतिनिधि। भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के अंतर्गत शनिवार को गांधी चौक मिनी स्टेडियम से नेहरू चौक तक पदयात्रा का आह्वान किया गया। पदयात्रा में नगर विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल शामिल हुए। इस दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और कांग्रेस की कथित अराजक राजनीति के विरोध में आवाज बुलंद की गई।
इस अवसर पर अमर अग्रवाल ने कहा कि आजादी के बाद देश में लोकतंत्र को सबसे बड़ा आघात कांग्रेस पार्टी ने पहुंचाया है। आपातकाल इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज भी कांग्रेस अपनी कार्यशैली और राजनीतिक आचरण से लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही है। सत्ता में रहते हुए लोकतंत्र की मर्यादाओं को तार-तार करने वाली कांग्रेस आज लोकतंत्र की दुहाई दे रही है। ऐसे में 'उल्टा चोर कोतवाल को डांटे' वाली कहावत कांग्रेस पार्टी पर पूरी तरह चरितार्थ होती है।
अमर अग्रवाल ने कहा कि एक समय था जब छत्तीसगढ़ नक्सलवाद की गंभीर समस्या से जूझ रहा था। नक्सल हिंसा के कारण प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में भय और असुरक्षा का वातावरण था। लेकिन केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प, स्पष्ट रणनीति तथा केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों के समन्वित प्रयासों से निर्धारित समय-सीमा में नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में ऐतिहासिक सफलता हासिल हुई है।
यह भी पढ़ें- रेलवे का बड़ा कदम: मिलेगी लाइव सुरक्षा, अब हेलमेट देगा हाई वोल्टेज खतरे की चेतावनी
आज छत्तीसगढ़ सशस्त्र नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने कांग्रेस की राजनीति और उसके मंसूबों को समझते हुए उसे लगातार नकारा है। इसी राजनीतिक बौखलाहट में आज विपक्ष के कई दल एकजुट होकर देशभर में अराजकता का वातावरण बनाने का प्रयास कर रहे हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को बाधित करने और देश की विकास यात्रा में व्यवधान डालने की ऐसी राजनीति को जनता स्वीकार नहीं करेगी। कांग्रेस और विपक्ष को समझना चाहिए कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और जनता ही अपने मत से जवाब देती है। देश की जनता ऐसे कृत्यों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से अवश्य देगी।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री डा़ वीरेंद्र कुमार, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक धरमजीत सिंह, विधायक सुशांत शुक्ला, जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, महापौर पूजा विधानी सहित भाजपा के वरिष्ठजन, पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सदस्य एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। उल्टा चोर कोतवाल को डांटे वाली कहावत कांग्रेस पार्टी पर सटीक बैठती है : अमर अग्रवाल*