बिलासपुर में घर बैठे ऑनलाइन भर सकेंगे ट्रैफिक चालान, दफ्तर के चक्कर लगाने से मिलेगी मुक्ति
बिलासपुर में अब ट्रैफिक चालान घर बैठे ऑनलाइन भरा जा सकेगा, वाहन मालिक के मोबाइल पर चालान का मैसेज आएगा, 45 दिन में भुगतान नहीं किया तो परिवहन सेवाएं अटक सकती हैं।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 05:37:10 PM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 06:06:31 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- घर बैठे ऑनलाइन चालान भुगतान।
- मोबाइल पर आएगा चालान मैसेज।
- फर्जी ऐप-वेबसाइट से सावधान।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: ट्रैफिक चालान का भुगतान करने के लिए अब वाहन मालिकों को कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय बिलासपुर ने आमजन की सुविधा के लिए आनलाइन चालान भुगतान की प्रक्रिया की जानकारी जारी की है।
भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ई-चालान और डिजिटल ट्रैफिक प्रवर्तन प्रणाली के माध्यम से वाहन चालक घर बैठे ही चालान का भुगतान कर सकेंगे। इसके लिए वाहन मालिक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर मैसेज या वाट्सएप के माध्यम से चालान की सूचना भेजी जाएगी।
परिवहन कार्यालय के अनुसार, वाहन पोर्टल में पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एडी-वाहन -एस नाम से चालान संबंधी संदेश प्राप्त होगा। इसमें चालान नंबर, वाहन नंबर और चालान जारी होने की तारीख का उल्लेख रहेगा। संदेश में चालान का भुगतान करने व किसी तरह की आपत्ति होने पर शिकायत दर्ज कराने के लिए 45 दिन का समय दिया गया है।
निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं करने पर वाहन या ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित सेवाओं में परेशानी हो सकती है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में मोबाइल विवाद में नाबालिग छात्र का अपहरण: बंधक बनाकर पीटा, सात अपहरणकर्ता गिरफ्तार
ऐसे करें आनलाइन भुगतान
चालान भरने के लिए वाहन मालिक को सबसे पहले परिवहन विभाग की वेबसाइट पर जाना होगा। यहां पे चालान विकल्प में जाकर वाहन नंबर और कैप्चा कोड दर्ज कर गेट डिटेल्स पर क्लिक करना होगा। इसके बाद स्क्रीन पर संबंधित वाहन के लंबित चालान प्रदर्शित होंगे।
जिस चालान का भुगतान करना है, उसे चुनकर पे नाउ विकल्प पर क्लिक करना होगा। इसके बाद पेमेंट गेटवे पर डायरेक्टपेमेंट विकल्प चुनकर नियम एवं शर्तों को स्वीकार करना होगा। भुगतान के लिए यूपीआइ, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या ई-वॉलेट का इस्तेमाल किया जा सकता है। भुगतान सफल होते ही आनलाइन रसीद प्राप्त हो जाएगी।
फर्जी मोबाइल एप से रहें सावधान
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी असीम माथुर का कहना है कि इस व्यवस्था से वाहन चालकों को घर बैठे चालान निपटाने की सुविधा मिलेगी और कार्यालयों में अनावश्यक भीड़ भी कम होगी। वे फर्जी वेबसाइटों और फर्जी मोबाइल एप से सावधान रहें। चालान का भुगतान करने के लिए केवल सरकार की आधिकारिक वेबसाइट का ही उपयोग करें। यदि भुगतान लंबित या अटका हुआ है और खाते से राशि कट गई है, तो वेबसाइट पर दिए गए चेक पेंडिंग ट्रांजेक्शन विकल्प के माध्यम से अपने भुगतान की स्थिति की जांच कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि समय पर चालान का भुगतान नहीं करने पर वाहन के पंजीयन, फिटनेस, परमिट, नामांतरण एवं अन्य परिवहन सेवाओं में बाधा उत्पन्न हो सकती है। इसलिए सभी वाहन स्वामी अपने लंबित चालान की जांच कर समय पर भुगतान करें।