बिलासपुर सड़क हादसा: गलत दिशा में लहराते हाइवा ने स्कूटी सवार को रौंदा, दर्दनाक हादसे में युवक की मौत
बिलासपुर के बिल्हा थाना क्षेत्र अंतर्गत निपनिया केशला में गलत दिशा से आ रहे हाइवा ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
Publish Date: Thu, 22 Oct 2026 05:18:30 PM (IST)Updated Date: Thu, 22 Oct 2026 05:18:30 PM (IST)
निपनिया केशला के हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगHighLights
- निपनिया केशला के पास अनियंत्रित हाइवा ने स्कूटी को रौंदा।
- हादसे में स्कूटी सवार मोहम्मद इरफान कुरैशी की मौत।
- आरोपी ड्राइवर रामशरण श्रीवास गिरफ्तार, पुलिस ने वाहन जब्त किया।
गलत दिशा में लहराते हुए हाइवा ने स्कूटी को रौंदा, युवक की मौत
0 निपनिया केशल स्थित पेट्रोल पंप के पास हुई घटना, पुलिस ने चालक को किया गिरफ्तार
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: बिल्हा थाना क्षेत्र के निपनिया केशला स्थित महावीर पेट्रोल पंप के सामने गलत दिशा में तेज और लापरवाहीपूर्वक चल रहे हाइवा ने स्कूटी और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल सवार घायल हो गया।
घटना के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने पतासाजी कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। बिल्हा थाना प्रभारी तोपसिंह नवरंग ने बताया कि घटना 20 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे की है।
बिल्हा के आमापारा वार्ड क्रमांक 12 निवासी मोहम्मद इरफान कुरैशी स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान बिल्हा मोड़ की ओर से आ रहे हाइवा के चालक रामशरण श्रीवास ने गलत साइड में वाहन चलाते हुए लहराते हुए सामने से आ रही स्कूटी और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद वाहन की चपेट में आने से इरफान की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर बिल्हा पुलिस मौके पर पहुंची। वहां मृतक के स्वजन और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई थी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा, स्कूटी और एसपी साइन मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया।
घायल मोटरसाइकिल सवार को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बिल्हा पुलिस ने बीएनएस की धारा 281, 125(ए) और 105 में अपराध दर्ज कर आरोपित रामशरण श्रीवास (43) निवासी इंद्रपुरी हिर्री माइंस थाना चकरभाठा को गिरफ्तार किया।
स्वजन ने किया हंगामा, भीड़ ने किया चक्काजाम दुर्घटना में युवक की मौत की खबर फैलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों और मृतक के स्वजन की भीड़ जुट गई। लोग हाईवा चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की तत्परता से सड़क पर चक्काजाम की स्थिति नहीं बनी।
यह भी पढ़ें- पीथमपुर के महिंद्रा ब्रिज पर सड़क हादसा... बेकाबू ट्राले ने तीन मासूमों को रौंदा, स्कूली छात्रों की मौके पर मौत