Indian Railway: उत्कल एक्सप्रेस के यात्रियों को 23 घंटे करना पड़ा इंतजार
Indian Railway: संपर्कक्रांति व दूसरे दिन की उत्कल एक्सप्रेस पांच- पांच घंटे विलंब से पहुंची
By Manoj Kumar Tiwari
Edited By: Manoj Kumar Tiwari
Publish Date: Sat, 14 Jan 2023 03:56:29 PM (IST)
Updated Date: Sat, 14 Jan 2023 03:56:29 PM (IST)

Indian Railway: बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। योग नगरी ऋषिकेश से पुरी जाने वाली उत्कल एक्सप्रेस के यात्रियों को ट्रेन के लिए बिलासपुर रेलवे स्टेशन में 23 घंटे इंतजार करना पड़ा। शुक्रवार सुबह नौ बजे की ट्रेन शनिवार की सुबह आठ बजे जोनल स्टेशन पहुंची। इससे यात्री परेशान हुए। इसी तरह की दिक्कत की शनिवार की उत्कल एक्सप्रेस और संपर्कक्रांति एक्सप्रेस के यात्रियों को हुई। यह ट्रेन पांच- पांच घंटे देरी से पहुंची।
पिछले कुछ महीनों से ट्रेनें जिस तरह चल रही है, वह किसी से छिपे नहीं है। शुरुआत में तीन से चार घंटे देर से ट्रेनें पहुंचती थी। उम्मीद थी कि परिचालन समय में सुधार हो जाएगा, लेकिन स्थिति इसके विपरित रही। अब ट्रेन घंटे नहीं, बल्कि दूसरे दिन पहुंच रही है। शुक्रवार की उत्कल एक्सप्रेस की स्थिति थी। यह ट्रेन सुबह नौ बजे बिलासपुर पहुंचती है। यात्री इसके समय पर पहुंच गए थे। बाद में पता चला कि यह ट्रेन पांच घंटे लेट है। ऐसे में यात्री स्टेशन में ठहरे रहे। लेकिन धीरे- धीरे लेटलतीफी का समय बढ़ता गया।
लिहाजा यात्री घर लौट गए। कुछ यात्रियों ने यात्रा ही रद कर दी और दूसरी ट्रेन गंतव्य के लिए रवाना हुई। जिन्हें सफर करना था, ऐसे यात्री दूसरे दिन शनिवार की सुबह दोबारा रेलवे स्टेशन पहंुचे। ट्रेन पहुंचने के बाद यात्रियों की यात्रा शुरू हुई। इस ट्रेन के यात्रियों में भारी आक्रोश था और यही सोच रहे थे कि रेलवे लेटलतीफ ट्रेनों को समय पर चलाने के लिए प्रयास क्यों नहीं कर रही है। इतना ही ट्रेन एक दिन विलंब हो जा रही है, लेकिन रेलवे अफसरों को यात्रियों की कोई चिंता नहीं है।
शनिवार की सुबह नौ बजे पहुंचने वाली उत्कल एक्सप्रेस पांच घंटे बाद पहुंची। विलंब हो गया, इसलिए किसी तरह दिक्कत नहीं हुई। यदि एक ही समय दोनों उत्कल पहुंच जाती है, तो यात्री भ्रमित भी हो सकते थे। निजामुद्दीन से चलकर दुर्ग जाने वाली संपर्कक्रांति एक्सप्रेस के यात्री भी परेशान हुए। हालांकि इसमें यात्रियों की संख्या कम थी।