
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। तीज त्योहार के दौरान यात्रियों की सुविधा और आवागमन को सुगम बनाने के लिए रेलवे ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। रेलवे ने 14 सितंबर को रद्द की गई 58204 रायपुर-कोरबा पैसेंजर ट्रेन का परिचालन फिर से बहाल कर दिया है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल अंतर्गत उरकुरा-रायपुर स्टोर डिपो के बीच दोहरीकरण परियोजना का कार्य चल रहा है। इसके तहत उरकुरा स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किया जा रहा है। इसी कार्य के चलते रेलवे ने पहले 14 सितंबर को रायपुर-कोरबा पैसेंजर ट्रेन को रद्द करने की घोषणा की थी।
तीज पर्व के दौरान बड़ी संख्या में यात्रियों के आवागमन को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए ट्रेन का परिचालन बहाल करने का निर्णय लिया है। अब यह ट्रेन 14 सितंबर को रायपुर से कोरबा के बीच अपने निर्धारित समय पर संचालित होगी। रेलवे के इस फैसले से रायपुर, बिलासपुर, कोरबा सहित मार्ग के अन्य स्टेशनों के बीच सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ की सहकारी बैंकों में 7 जिलों की शाखाओं में 60 करोड़ का गबन, 63 पर कार्रवाई