छत्तीसगढ़ में सिविल जज सीनियर डिवीजन की सीमित प्रतियोगी परीक्षा स्थगित, हाई कोर्ट ने जारी किया आदेश
छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने न्यायिक अधिकारियों की सेवानिवृत्ति आयु बढ़ाने के मुद्दे पर राज्य शासन के स्तर पर निर्णय लंबित होने के कारण सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सीमित प्रतियोगी परीक्षा-2026 को आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया है। यह परीक्षा 20 सितंबर 2026 को आयोजित होनी थी, जिसके लिए 23 जुलाई को विज्ञापन जारी किया गया था।
Publish Date: Wed, 26 Aug 2026 04:43:20 PM (IST)Updated Date: Wed, 26 Aug 2026 04:43:20 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद छत्तीसगढ़ में बड़ी प्रशासनिक हलचल।
- न्यायिक अधिकारियों की सेवानिवृत्ति आयु बढ़ाने पर फैसला लंबित।
- सिविल जज परीक्षा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। न्यायिक अधिकारियों की सेवानिवृत्ति आयु बढ़ाने के मुद्दे पर राज्य शासन के स्तर पर निर्णय लंबित होने के कारण छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने सिविल जज (सीनियर डिवीजन) के पदों के लिए प्रस्तावित सीमित प्रतियोगी परीक्षा-2026 को आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया है।
यह परीक्षा 20 सितंबर 2026 को आयोजित की जानी थी। हाई कोर्ट प्रशासन की ओर से 23 जुलाई 2026 को परीक्षा के संबंध में विज्ञापन जारी किया गया था।
हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव की ओर से जारी सूचना में परीक्षा स्थगित करने की जानकारी दी गई है। इसमें बताया गया है कि न्यायिक अधिकारियों की सेवानिवृत्ति आयु से संबंधित विषय शासन स्तर पर विचाराधीन है। इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट के पांच अगस्त 2026 के आदेश के बाद स्थिति में बदलाव की संभावना को देखते हुए फिलहाल परीक्षा आयोजित नहीं करने का निर्णय लिया गया है।
सेवानिवृत्ति आयु बढ़ाने का प्रस्ताव लंबित
मामले में सुप्रीम कोर्ट ने न्यायिक अधिकारियों की सेवानिवृत्ति आयु को 60 वर्ष से बढ़ाकर 62 वर्ष करने अथवा अंतरिम व्यवस्था के तौर पर 61 वर्ष किए जाने के मुद्दे पर राज्य सरकारों को विचार करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद छत्तीसगढ़ में भी न्यायिक अधिकारियों की सेवानिवृत्ति आयु से संबंधित प्रस्ताव शासन के समक्ष विचाराधीन है।
नई तारीख बाद में होगी तय
परीक्षा स्थगित होने से इसमें शामिल होने वाले न्यायिक अधिकारियों और अभ्यर्थियों को अब नई तारीख के लिए इंतजार करना होगा। शासन स्तर पर सेवानिवृत्ति आयु के संबंध में निर्णय होने और उसके आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होने के बाद परीक्षा की नई तारीख घोषित की जाएगी। हाई कोर्ट प्रशासन ने संबंधित अभ्यर्थियों को आगामी सूचना के लिए हाई कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखने को कहा है।
23 जुलाई को जारी हुआ था विज्ञापन
सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सीमित प्रतियोगी परीक्षा-2026 के लिए हाई कोर्ट प्रशासन ने 23 जुलाई को विज्ञापन जारी किया था। इसके तहत लिखित परीक्षा 20 सितंबर को प्रस्तावित थी। अब परीक्षा आगामी आदेश तक स्थगित होने से पूरी चयन प्रक्रिया का अगला कार्यक्रम भी शासन के निर्णय के बाद ही स्पष्ट होगा।