
बिलासपुर। नईदुनिया प्रतिनिधि
मुख मुरली बजाय-मुख मुरली बजाय, छोटे से श्याम कन्हैया.., मन डोले रे माघ फगुनवा , रस घोरे रे माघ फगुनवा.., राजा बरोबर लगे मउरे आमा, रानी बरोबर परसा फुलवा.. जैसे फाग गीत छत्तीसगढ़िया महिला क्रांति सेना की सदस्यों ने गाए। अवसर था सोमवार को देवकीनंदन दीक्षित सभा भवन में फाग प्रतियोगिता का। इस मौके पर जमकर रंग-गुलाल बरसे।
इस मौके पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से महिलाएं शामिल हुईं और प्रतियोगिता का हिस्सा बनीं। इसमें प्रमुख रूप से मां दुर्गा मंडली 27 खोली, जय श्रीराम समिति, सुरधारा फाग मंडली, गौरी शंकर फाग मंडली कतियापारा, मां दुर्गा महिला समिति तोरवा, सुकन्या महिला मंडल जोरापारा की फाग मंडलियां शामिल थीं। कवयित्री बसंती वर्मा, ज्योति चंद्राकर, लक्ष्मी नाग ने भी अपनी प्रस्तुति दी। अंत में पुरस्कार वितरण किया गया। पहला स्थान गौरी शंकर फाग मंडली कतियापारा को मिला। दूसरा स्थान मां दुर्गा महिला समिति 27 खोली और तीसरा स्थान जय श्रीराम फाग समिति को मिला। साथ ही सभी प्रतिभागी मंडलियों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ी राजभाषा मंच के प्रांतीय संयोजक नंदकिशोर शुक्ल, छत्तीसगढ़िया महिला क्रांति सेना की प्रदेश अध्यक्ष लता राठौर, डॉ.रत्नावलि सिंह, डॉ.रजनी पाठक, ज्योत्स्ना स्वर्णकार, डॉ.सुषमा सिंह, पूनम मिश्रा, रीता राजगीर, निर्मला ध्रुव, दुर्गा यादव, मधु साहू, मंजूला परिहार, संजय ठाकुर, कृष्णा लहरे, बिंदु पांडे, रानी सिंह, संगठन मंत्री संध्या सिंह, मधु कश्यप समेत बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। संचालन डॉ.सुनीता मिश्रा ने किया।