_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। शहर के व्यस्ततम वीआईपी मार्ग राजेंद्र नगर सिविल लाइन सड़क पर मंडरा रहा बड़ा खतरा आखिरकार रविवार को टल गया है। 12 जून को नई दुनिया अखबार ने प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशन के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और पत्राचार के बाद नगर निगम प्रशासन रविवार की छुट्टी होने के बावजूद मौके पर पहुंचकर आईजी तिराहा से आंबेडकर चौक के बीच खड़े चार विशालकाय सूखे पेड़ों को काट कर हटा दिया है, जिससे अब राहगीरों ने बड़ी राहत की सांस ली है।
नई दुनिया ने वीआईपी सड़क पर खतरा बनकर खड़े हैं चार विशालकाय सूखे पेड़ शीर्षक से इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाया था। समाचार में इस बात का कड़ा खुलासा किया गया था कि आगामी मानसून की तेज आंधी-तूफान और बारिश के कारण ये खोखले हो चुके पेड़ कभी भी चालू सड़क पर धराशायी हो सकते थे। चूंकि इस मार्ग पर जीडीसी कन्या महाविद्यालय, पिंक स्टेडियम, आदिवासी छात्रावास, बर्जेश स्कूल, केंद्रीय जेल और सिविल लाइन थाना जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण संस्थान मौजूद हैं, इसलिए यहां चौबीसों घंटे छात्र-छात्राओं, प्रशासनिक अधिकारियों और आम जनता की आवाजाही लगी रहती है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बिलासपुर एसडीएम मनीष साहू ने भी त्वरित संज्ञान लिया था। रविवार सुबह नगर निगम ने कटर मशीनों से लैस मैदानी अमले ने आईजी तिराहा से लेकर आंबेडकर चौक के बीच विशेष अभियान चलाया। टीम ने बिजली विभाग से समन्वय बनाकर पहले विद्युत आपूर्ति बंद कराई और फिर पूरी सतर्कता के साथ सड़क किनारे खड़े उन चारों भारी-भरकम सूखे पेड़ों को जड़ से काटकर किनारे किया। पेड काटने के दौरान यातायात को भी सुचारू रूप से डायवर्ट किया गया था। अब पेड़ पूरी तरह हट जाने से इस वीआईपी पैच पर जनहानि और किसी भी गंभीर दुर्घटना की आशंका पूरी तरह से समाप्त हो गई है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर बुल्स ने जीता सीसीपीएल का खिताब रायगढ़ लायंस को फाइनल में सात विकेटों से दी करारी शिकस्त
नई दुनिया ने जगाया, तो बंद हुई अफसरों की अनदेखी
राजेंद्र नगर सिविल लाइन मार्ग शहर के सबसे वीआईपी रूटों में गिना जाता है, जहां से रोजाना नगर निगम और जिला प्रशासन के आला अधिकारियों का काफिला गुजरता था। इसके बावजूद किसी भी जिम्मेदार अमले का ध्यान इस जानलेवा बन चुके खतरे पर नहीं जा रहा था। नई दुनिया में फोटो सहित खबर छपते ही अफसर हरकत में आए और एक्शन हो गया।
वर्जन
-- नई दुनिया में छपी खबर के माध्यम से सिविल लाइन मार्ग पर सूखे पेड़ों की संवेदनशीलता सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार को ही नगर निगम की टीम भेजकर चारों खतरनाक पेड़ों को कटवा दिया गया है। शहर के अन्य व्यस्त मार्गों पर भी ऐसे सूखे पेड़ों को चिन्हांकित कर हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
मनीष साहू, एसडीएम बिलासपुर