नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: रेलवे आरक्षण केंद्र में तत्काल टिकट के टोकन वितरण के नए नियम लागू होने के दूसरे दिन सोमवार को व्यवस्था में कुछ सुधार नजर आया। पहले दिन रविवार को हुई भारी अव्यवस्था से सबक लेते हुए रेल प्रशासन ने टोकन लेने पहुंचने वाले यात्रियों के लिए दो अलग-अलग कतारें बनवाईं। एक में स्वयं का रिजर्वेशन कराने और दूसरे में परिवार के सदस्यों के लिए टिकट लेने वालों खड़ा कराया गया। सबसे अच्छी बात यह रही की सुबह से ही रेलवे स्टाफ व आरपीएफ जवान तैनात रहे। इससे पहले दिन की तुलना में भीड़ को संभालना आसान रहा और अव्यवस्था भी कम हुई।
जोनल स्टेशन के करीब स्थित रेलवे आरक्षण केंद्र में तत्काल टिकट के टोकन वितरण नियम में बदलाव के बाद रविवार को पहले ही दिन आरक्षण केंद्र में अव्यवस्था की स्थिति बन गई थी। टोकन लेने पहुंचे लोगों को परेशानी हुई थी। बहस हुई और लोगों ने नाराजगी भी जाहिर की। सोमवार को रेल प्रशासन ने व्यवस्था सुधारने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती। रोज की तरह सुबह 7:30 बजे आरक्षण केंद्र खुला, लेकिन तत्काल टिकट का रिजर्वेशन कराने पहुंचे लोगों को शुरुआत में बाहर ही रोक दिया गया।
यह भी पढ़ें- डेढ़ करोड़ की ठगी व होटल कब्जे का आरोपी दीपक टंडन रायपुर लाया गया, सीजेएम कोर्ट में पेशी
भीड़ व्यवस्थित करने के लिए आरक्षण केंद्र के कर्मचारियों के अलावा एक आरपीएफ जवान की ड्यूटी भी लगाई गई थी। तीनों ने मिलकर सबसे पहले दो अलग-अलग कतारें बनवाईं। एक कतार में स्वयं का रिजर्वेशन कराने के लिए टोकन लेने पहुंचे लोगों को खड़ा किया गया, जबकि दूसरी कतार परिवार के सदस्यों के लिए टिकट लेने वालों की बनाई गई। इसके बाद पहचान पत्र की जांच कर बारी-बारी से टोकन के लिए अंदर भेजा गया।
स्वयं रिजर्वेशन कराने वालों की संख्या अधिक
नियमों में बदलाव की जानकारी मिलने के बाद सोमवार को स्वयं का रिजर्वेशन कराने पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या अधिक नजर आई। लगभग 35 लोग पहुंचे। वहीं, जिन्हें नए नियमों की जानकारी नहीं थी, ऐसे यात्रियों की संख्या कम रही। ऐसे लोगों ने दूसरे दिन भी व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई, लेकिन कर्मचारियों ने उन्हें नियम समझाए तो वे मान गए।
तत्काल में एक फार्म पर चार यात्रियों का ही रिजर्वेशन
तत्काल टिकट का रिजर्वेशन कराने के नियम सामान्य आरक्षण से थोड़े अलग हैं। तत्काल टिकट के लिए यात्रियों को लाल रंग का फार्म दिया जाता है, जबकि सामान्य रिजर्वेशन के लिए सफेद रंग का फार्म निर्धारित है। तत्काल में एक व्यक्ति को केवल एक ही फार्म दिया जाता है, जिस पर अधिकतम चार यात्रियों का रिजर्वेशन कराया जा सकता है। इसके विपरीत सामान्य रिजर्वेशन में एक फार्म पर छह यात्रियों का टिकट बनवाने का प्राविधान है।
पहले सादे कागज पर नाम लिखकर तय होता था नंबर, दलालों का रहता था दबदबा
रेलवे आरक्षण केंद्र में तत्काल टिकट के टोकन वितरण की पुरानी व्यवस्था में दलालों का दबदबा रहता था। पहले यात्री रिजर्वेशन कराने के लिए पहुंचते थे और आरक्षण केंद्र के बाहर रखे एक सादे कागज पर अपना नाम और क्रमांक लिख देते थे। इसके बाद जब टोकन वितरण काउंटर खुलता था, तब सूची में दर्ज नामों के क्रम के अनुसार यात्री कतार में खड़े होते थे। इस व्यवस्था का फायदा टिकट दलाल उठाते थे। वे अपने सहयोगियों को रात या सुबह से ही आरक्षण केंद्र के बाहर खड़ा करा देते थे।
इससे सूची में उनका नाम सबसे पहले दर्ज हो जाता था और टोकन वितरण के समय भी उन्हें प्राथमिकता मिलती थी। इस तरह दलालों का पूरा नेटवर्क पहले से ही सक्रिय रहता था। नतीजतन, आम यात्रियों को तत्काल कोटे में टिकट मिलना मुश्किल हो जाता था। इसी गड़बड़ी पर अंकुश लगाने के लिए रेलवे ने टोकन वितरण की नई व्यवस्था लागू की है।
अब यह हुआ है बदलाव, मिलेगी राहत
तत्काल टिकट के टोकन वितरण की नई व्यवस्था के तहत अब सबसे पहले उन यात्रियों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो स्वयं यात्रा करने के लिए टिकट बनवाने आरक्षण केंद्र पहुंचेंगे। इनके बाद अपने स्वजन के लिए टिकट लेने वालों को मौका मिलेगा। इस बदलाव से टिकट दलालों के खेल पर अंकुश लगने और आम यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।