
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: रेलवे महाप्रबंधक तरुण प्रकाश शनिवार को अचानक रात में जोनल स्टेशन पहुंचे। दरअसल वे बिलासपुर–चांपा के बीच चलाई जा रही मेला स्पेशल ट्रेन के परिचालन व भीड़ संभालने की गई व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे थे। इस औचक जांच में उन्हें कुछ खामियां भी मिलीं। इस ट्रेन के परिचालन की जानकारी देने स्टेशन में एक बोर्ड नहीं थे और डिसप्ले बोर्ड में दिखा रहा था। उद्घोषणा भी नहीं हो रहा था। इस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की।
साथ ही तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। जिसके बाद अब बोर्ड लगाकर ट्रेन की जानकारी देने के साथ एक हेल्प डेस्क का इंतजाम किया गया है।
नवरात्र पर्व पर नैला में भव्य दुर्गा पंडाल के साथ मां की प्रतिमा विराजित की गईं है। जिसे देखने के लिए प्रदेश के हर जिले से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इस वजह से ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। ट्रेनों के साथ जांजगीर-नैला स्टेशन में भी भारी भीड़ है। इसी भीड़ को कम करने के लिए बिलासपुर से चांपा के बीच एक मेला स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। यह स्पेशल एक दिन में दो फेरा लगा रही है।
पहले फेरे में यह ट्रेन बिलासपुर 17:45 बजे छूटती है और जयराम नगर, अकलतरा स्टेशन में रूककर 18:45 बजे जांजगीर-नैला और 19:10 बजे चांपा पहुंचती है। चांपा से 19:30 बजे छूटकर 20:50 बजे बिलासपुर पहुंचती है। दूसरे फेरे में बिलासपुर 21:05 बजे रवाना होकर जांजगीर-नैला 21:58 बजे और 22:15 बजे चांपा स्टेशन पहुंच रही है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर के गगनई नेचर कैंप में जल्द शुरू होंगे वाटर स्पोर्ट्स, किड्स जोन और गार्डन, पर्यटकों को मिलेगा नया अनुभव
बिलासपुर से दूसरे फेरे में छूटने के समय में शनिवार को अचानक रेलवे महाप्रबंधक स्टेशन पहुंचे। इसकी जानकारी किसी को नहीं थी। यहीं कारण है कि जब वे पहुंचे तो स्टेशन में कोई भी अधिकारी नहीं थे। उन्होंने जायजा लिया, तब उन्हें इस तरह की खामियां मिलीं। उन्होंने इस पर नाराजगी जाहिर की और तत्काल व्यवस्था सुधार करने के लिए कहा। बाक्स-
छूटने व आगमन के समय मौजूद रहेंगे अधिकारी
महाप्रबंधक ने यह भी निर्देश दिया है कि यह ट्रेन 20 अक्टूबर तक चलेगी। परिचालन अवधि तक जब भी यह ट्रेन बिलासपुर से छूटेगी और चांपा से जब वापस पहुंचेगी, उस समय एक अधिकारी स्टेशन में मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही उन्होंने फोटोग्राफी भी करने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत रविवार की शाम जब ट्रेन बिलासपुर से रवाना हुई, उस समय डीआरएम रेलवे स्टेशन में मौजूद रहे।