
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: प्रकृति की खूबसूरती के बीच सैर-सपाटे के साथ मनोरंजन का आनंद लेने की इच्छा रखने वाले पर्यटकों के लिए गगनई नेचर कैंप जल्द ही नए आकर्षणों से सजा नजर आएगा। मरवाही वन मंडल ने कैंप में वाटर स्पोर्ट्स, बच्चों के लिए किड्स जोन और आकर्षक गार्डन विकसित करने की योजना बनाई है। इसके लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इन सुविधाओं के विकसित होने से यहां आने वाले पर्यटकों को प्रकृति के करीब समय बिताने के साथ मनोरंजन के नए विकल्प भी मिलेंगे। खासकर बच्चों और परिवारों के लिए यह कैंप पहले से अधिक आकर्षक बनने की उम्मीद है।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मरवाही वन मंडल लगातार प्रयास कर रहा है। मरवाही वन परिक्षेत्र के अन्तर्गत साल्हेकोटा स्थित गगनई बांध के नेचर कैंप की अपनी विशेषताएं हैं। प्राकृतिक सुंदरता से घिरा यह स्थल घने जंगल और पहाड़ियों से घिरा हुआ है। यह छह हेक्टेयर में फैला हुआ है।
शासन ने जब नेचर कैंप की योजना बनाई थी, तब बिलासपुर के अलावा मरवाही वनमंडल का चयन किया गया था। इसके चारों तरफ हरियाली है। वहीं बीचों-बीच गगनई जलाशय है, जो बेहद सुंदर है। यहां भ्रमण को पहुंचने वाले पर्यटकों के बीच से नई सुविधाओं की मांग लगातार उठती है। वाटर स्पोर्टस व किड्स जोन भी पर्यटकों की मांग है। इसीलिए वन मंडल इस सुविधाओं को देने पर विशेष ध्यान दे रहा है। आने वाले दिनों में पर्यटक इस सुविधा का लाभ उठा पाएंगे। मालूम हो कि यह कैंप जितना खूबसूरत है, उतनी ही आसपास का माहौल भी है। नेचर कैंप के चारों तरफ हरियाली है। जिसकी वजह से पर्यटकों को यहां भ्रमण करना पसंद है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में धान खरीदी में किसानों को नहीं लगानी पड़ेगी कतार, 35 चेक प्वाइंट्स पर होगी पारदर्शी तौल और नमी जांच
बनेगा नेचर ट्रैल, कर सकेंगे वृक्षों की पहचान
वन मंडल नेचर कैंप से लगा हुआ एक नेचर ट्रैल भी बनाएगा। तीन किमी के इस वनमार्ग पर चलते-चलते वृक्षों की पहचान कर सकेंगे। पर्यावरण के प्रति पर्यटकों को जागरूक करने के लिए विभाग ने वृक्षों का नाम व उनका उपयोग बोर्ड भी लगाने का निर्णय लिया है। इससे कैंप की लोकप्रियता बढ़ेगी। इस ट्रेन के दोनों तरफ अलग-अलग प्रजातियों के विशाल वृक्ष होंगे। जिसमें उनकी पहचान होगी।
पर्यटक भ्रमण तो करते हैं लेकिन उन्हें वृक्षों की पहचान नहीं होती। पहचान के साथ उपयोगिता भी जान सकेंगे। मसलन जब पर्यटक इस नेचर ट्रैल पर भ्रमण करेंगे, तो उन्हें पेड़-पौधों के बारे में ऐसी कई जानकारियां मिलेंगी, जो अब तक नहीं मिलती थी।