
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के हंसपुर में बॉक्साइट खनन विवाद के दौरान ग्रामीण की मौत के मामले में तत्कालीन एसडीएम कुसमी करुण डहरिया को सुप्रीम कोर्ट से भी राहत नहीं मिली। सुप्रीम कोर्ट ने करुण डहरिया और सहआरोपित सुदीप यादव की विशेष अनुमति याचिकाएं खारिज कर दी हैं। दोनों ने छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट द्वारा नियमित जमानत की मांग खारिज करने के आदेश को चुनौती दी थी।
न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह की पीठ ने दो विशेष अनुमति याचिका पर एक साथ सुनवाई की। पीठ ने कहा कि हाई कोर्ट के फैसले और आदेश में हस्तक्षेप करने का इच्छुक नहीं है। इसके साथ ही दोनों याचिकाएं खारिज कर दी गईं। दूसरी याचिका सुदीप यादव की थी।
हाई कोर्ट में करुण डहरिया, सुदीप यादव और मंजीत यादव ने अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 14-ए(2) के तहत अपील दायर कर विशेष न्यायाधीश के जमानत आवेदन खारिज करने के आदेश को चुनौती दी थी। न्यायमूर्ति राकेश मोहन पांडेय ने 17 सितंबर 2026 को तीनों की अपील खारिज कर दी थी।
15 फरवरी 2026 की रात करीब नौ बजे हंसपुर गांव के पास बाक्साइट से लदे ट्रक को ग्रामीणों ने रोका था। इसके बाद विवाद और मारपीट हुई। उस समय कुसमी में पदस्थ रहे एसडीएम करुण डहरिया, सुदीप यादव और मंजीत यादव पर ग्रामीणों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा। घटना में कई लोग घायल हुए।
रामनरेश की उपचार के दौरान अत्यधिक आंतरिक रक्तस्राव से मौत हो गई। कोरंधा थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 115(2), 109(1), 296, 238 और 3(5) तथा अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया।
हाई कोर्ट में करुण डहरिया की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज परांजपे ने दलील दी थी कि उन्हें अवैध बाक्साइट खनन की सूचना मिली थी और कलेक्टर के निर्देश पर वे मौके पर पहुंचे थे। उनका पक्ष था कि ट्रक जब्त कर पुलिस थाने ले जाने के दौरान ग्रामीणों ने विवाद किया। कलेक्टर की जांच में भी आरोपितों के पक्ष में कुछ तथ्य सामने आए थे।
बचाव पक्ष ने यह भी बताया कि कुछ गवाहों ने अदालत में बचाव के समर्थन में बयान दिए हैं। वहीं, आपत्तिकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता एससी वर्मा ने आरोप लगाया कि तीनों ने रामनरेश सहित ग्रामीणों के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की थी। राज्य की ओर से भी जमानत का विरोध किया गया।
यह भी पढ़ें- रायपुर में सरकारी जमीन के इस्तेमाल पर विवाद... विस्थापितों को दुकानें दिए बिना कॉम्प्लेक्स बना रहा निगम
हाई कोर्ट ने कहा था कि प्राथमिकी में आरोपितों के खिलाफ मारपीट के स्पष्ट आरोप हैं और पुलिस के समक्ष दर्ज गवाहों के बयान भी अभियोजन का समर्थन करते हैं। कुछ गवाहों के बचाव के पक्ष में दिए गए बयानों की विश्वसनीयता का परीक्षण जमानत के स्तर पर नहीं किया जा सकता।
कलेक्टर की जांच रिपोर्ट आरोपपत्र का हिस्सा नहीं थी, इसलिए उस पर इस स्तर पर विचार नहीं किया जा सकता। इसी आधार पर तीनों की जमानत अपील खारिज कर दी गई थी। अब सुप्रीम कोर्ट ने भी करुण डहरिया और सुदीप यादव को राहत देने से इनकार कर दिया है।