बिलासपुर सहित रेल मंडल के सभी स्टेशनों में 22 को ‘रेल जनसंवाद’, अधिकारी सुनेंगे यात्रियों की शिकायतें और सुझाव
रेलवे यात्रियों की समस्याओं को समझने और सुविधाओं में सुधार के लिए 22 अक्टूबर को बिलासपुर सहित रेल मंडल के सभी स्टेशनों पर ‘पैन इंडिया रेल जनसंवाद’ आयो...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 19 Oct 2026 08:47:04 PM (IST)Updated Date: Mon, 19 Oct 2026 08:47:04 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- 22 को सभी स्टेशनों में रेल जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित होगा।
- अधिकारी यात्रियों की शिकायतें और सुझाव सुनेंगे।
- जनसंवाद के बाद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: रेलवे यात्रियों की समस्याओं को समझने और यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए 22 अक्टूबर को बिलासपुर सहित रेल मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर ‘पैन इंडिया रेल जनसंवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत आयोजित इस एक दिवसीय कार्यक्रम में रेलवे के अधिकारी एवं कर्मचारी यात्रियों और आम नागरिकों से सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान यात्रियों की शिकायत, सुझाव और अपेक्षाओं को सुनकर उनके निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
रेल प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य यात्रियों की समस्याओं को सीधे समझना और रेलवे सेवाओं को अधिक सुविधाजनक, जवाबदेह एवं यात्री-केंद्रित बनाना है। जनसंवाद के माध्यम से रेलवे अधिकारी यह जानने का प्रयास करेंगे कि स्टेशन परिसर में यात्रियों को किन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और सुविधाओं में सुधार के लिए किन कदमों की आवश्यकता है।
आम नागरिकों की सहभागिता से रेलवे की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान रेलवे के अधिकारी एवं कर्मचारी स्टेशन परिसर में यात्रियों, युवाओं और आम नागरिकों से बातचीत करेंगे। इस दौरान स्टेशन की व्यवस्थाओं, स्वच्छता, यात्री सुविधाओं और अन्य रेल सेवाओं से संबंधित अनुभवों एवं सुझावों को सुना जाएगा। यात्री अपनी समस्याएं और शिकायतें भी अधिकारियों के सामने रख सकेंगे।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में स्पेशल ट्रेन का अनाउंसमेंट नहीं, डिस्प्ले पर सूचना गायब, अचानक स्टेशन पहुंचे जीएम हुए नाराज, दिए निर्देश
जनसंवाद के दौरान प्राप्त सुझावों और शिकायतों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज किया जाएगा। इसके बाद उनके निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य केवल यात्रियों की समस्याएं सुनना ही नहीं, बल्कि उनके समाधान की दिशा में प्रभावी पहल करना भी है। इस कार्यक्रम से यात्रियों को अपनी बात सीधे रेलवे अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। साथ ही, प्राप्त फीडबैक के आधार पर यात्री सुविधाओं और स्टेशन की व्यवस्थाओं में सुधार की दिशा में कदम उठाए जा सकेंगे।
जनसंवाद के बाद चलेगा स्वच्छता अभियान
‘पैन इंडिया रेल जनसंवाद’ कार्यक्रम के उपरांत संबंधित रेलवे स्टेशनों एवं रेलवे परिसरों में स्वच्छता संबंधी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से स्टेशन परिसर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं यात्री-अनुकूल बनाए रखने के साथ-साथ यात्रियों और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस अभियान में रेल अधिकारियों के अलावा कर्मचारियों, यात्रियों एवं आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।