बिलासपुर में ऑनलाइन सट्टे का सिंडिकेट बेनकाब, मोबाइल लिंक से चल रहा था कैसीनो, एक गिरफ्तार
बिलासपुर के मंगला क्षेत्र में राधा-कृष्ण मंदिर के पास ऑनलाइन सट्टा खिलाने पर पुलिस ने कार्रवाई की। सिविल लाइन और ACCU टीम ने दीपक इदनानी को मोबाइल से ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 11 Oct 2026 08:56:55 PM (IST)Updated Date: Sun, 11 Oct 2026 08:56:55 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- बिलासपुर में ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का खुलासा, एक गिरफ्तार।
- मोबाइल लिंक से ऑल पैनल कैसीनो गेम खिलाता मिला आरोपी।
- बिल्हा और नागपुर से जुड़े दो मुख्य सप्लायर अब भी फरार।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: मंगला के आजाद चौक के आगे पटवारी तालाब स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के पास आनलाइन सट्टा खिलाने का मामला सामने आया है। सिविल लाइन पुलिस और एसीसीयू की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित के कब्जे से दो मोबाइल, एक हजार रुपये नकद और आनलाइन कैसीनो गेम के स्क्रीनशाट जब्त किए हैं। आरोपित और उसके साथियों के खिलाफ जुआ एक्ट और संगठित अपराध की धाराओं में कार्रवाई की गई है।
एसीसीयू की टीम को नौ अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि मिनोचा कालोनी में रहने वाली दीपक इदनानी(28) राधा-कृष्ण मंदिर के पास मोबाइल के माध्यम से आनलाइन सट्टा खिला रहा है। इस पर सिविल लाइन पुलिस और एसीसीयू की टीम ने मौके पर दबिश दी। वहां दीपक मोबाइल के जरिए आनलाइन आल पैनल कैसीनो गेम में सट्टा खिलाते मिला।
पूछताछ में दीपक ने पुलिस को बताया कि बिल्हा निवासी प्रकाश जसवानी उसे सट्टा खिलाने के लिए आइडी उपलब्ध कराता था, जबकि महाराष्ट्र के नागपुर में रहने वाले धीरू आडवानी आनलाइन सट्टे की साइट उपलब्ध कराता था। तीनों मिलकर सट्टे से प्राप्त रकम में अपना-अपना कमीशन बांटते थे।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में 63.73 लाख का फर्जी लोन, 1 लोन के नाम पर 6 बैंकों से कर्ज, चोलामंडलम, एक्सिस और आदित्य बिड़ला से लोन मंजूर
पुलिस ने दीपक के कब्जे से दो मोबाइल जब्त किए हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ अधिनियम की धारा 7(1) और बीएनएस की धारा 112 के तहत मामला दर्ज कर दीपक को गिरफ्तार किया है। प्रकाश जसवानी और धीरू आडवानी की तलाश जारी है।