बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर रेल मंडल द्वारा 67वां रेल सप्ताह समारोह (मंडल स्तरीय) शनिवार को नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट आडिटोरियम में मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक आलोक सहाय थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मंडल सेक्रो अध्यक्ष अपर्णा सहाय मौजूद रहीं। समारोह में मंडल के विभिन्न् विभागों के 170 कर्मचारियों को व्यक्तिगत और 19 समूह पुरस्कार मंडल रेल प्रबंधक के हाथों प्रदान किया गया।
समारोह में वरि. मंडल कार्मिक अधिकारी प्रदीप मिश्रा द्वारा मंडल के सभी विभागों द्वारा किए गए कार्यों व गत वर्ष की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया। यूनियन एवं एसोशिएशनों के पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। मुख्य अतिथि आलोक सहाय ने सभी उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को रेल सप्ताह की शुभकामनाएं दीं तथा पुरस्कार विजेताओं को बधाई दीं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर मंडल द्वारा विकास की दिशा में वर्ष दर वर्ष नए-नए कीर्तिमान स्थापित किए जा रहे हैं। रेलकर्मियों ने कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के बाद भी वित्तीय वर्ष 2021-22 में 159.54 मिलियन टन माल लदान किया। इसके साथ भारतीय रेलवे का सर्वाधिक माल लदान करने वाला मंडल होने का कीर्तिमान स्थापित किया है। वित्तीय वर्ष 2021-22 में 18274.01 करोड़ स्र्पये माल ढुलाई राजस्व अर्जन कर नई उपलब्धि हासिल की है।
यह मंडल द्वारा सर्वाधिक माल ढुलाई राजस्व अर्जन है। इसके लिए उन्होंने मंडल रेल परिवार के सभी सदस्यों एवं उनके परिजन को बधाई व शुभकामनाएं दीं। मुख्य अतिथि के संबोधन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। इसके अंतर्गत एसईसीआर के कल्चरल टीम द्वारा स्वागत गीत, वाद्य संचलन तथा रेलवे स्कूल के बच्चों द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक वेदिश धुवारे, मंडल सेक्रो की उपाध्यक्षा अंजु बाला, सुषमा धुवारे, सभी शाखाधिकारी, अधिकारी, यूनियन एवं एशोसिएशन के पदाधिकारियों समेत कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन मनीषा दीक्षित ने किया तथा आभार प्रदर्शन सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी जेएस टाटा ने किया।