Bilaspur Railway News: ओएचई में फंसा पेंटो, ढाई घंटे खड़ी रही वंदे भारत एक्सप्रेस
भीषण गर्मी में यात्री ट्रेन में बंद रहे। जिसके चलते गर्मी से उनका हाल बेहाल रहा। यात्रियों ने इस अव्यवस्था को लेकर जमकर नाराजगी जताई और रेल प्रशासन को कोसते भी रहे।
Publish Date: Tue, 28 May 2024 07:17:20 AM (IST)
Updated Date: Tue, 28 May 2024 07:17:20 AM (IST)
HighLights
- निपनिया के पास की घटना, एसी व लाइट बंद होने से यात्री परेशान
- वंदे भारत एक्सप्रेस का बिलासपुर पहुंचने का समय शाम 7:30 बजे हैं।
- मिडिल लाइन पर दौड़ रही इस ट्रेन के निपनिया पहुंचते ही पहिए थम गए।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस सोमवार को निपनिया के पास ढाई घंटे तक खड़ी रही। ट्रेन का पेंटो ओएचई में फंस गया। इसके चलते ट्रेन के पहिए थम गए। चूंकि यह ट्रेन हाई टेक्नालाजी की है। इसका खामियाजा भी यात्रियों को भुगतना पड़ा। दरअसल इस ट्रेन की बिजली बंद हो गई।
पूरे कोच में अंधेरा छा गया और एसी भी बंद हो गया। इसके कारण यात्री परेशान हुए और रेल प्रशासन पर नाराजगी भी जाहिर की। वंदे भारत एक्सप्रेस का बिलासपुर पहुंचने का समय शाम 7:30 बजे हैं। ट्रेन अपनी गति से बिलासपुर की ओर बढ़ रही थी। मिडिल लाइन पर दौड़ रही इस ट्रेन के निपनिया पहुंचते ही पहिए थम गए। पहले तो यात्रियों को लगा कुछ सिग्नल की दिक्कत होगी।
लेकिन, जैसी ही लाइट व एसी बंद हुआ तो यात्री भी हड़बड़ा गए। बाद में पता चला कि इस ट्रेन का पेंटो ओएचई तार में फंस गया। ट्रेन आगे बढ़ती है तो पेंटो या तार टूट सकता है। हाई टेक्नालाजी वाली इस ट्रेन के परिचालन में आई दिक्कत को ठीक करने के लिए कंट्रोल को सूचना दी गई। कंट्रोल से भाटापारा को जानकारी दी। वहीं से अमला पहुंचा। लेकिन, उन्हें समस्या का समाधान करने के लिए भारी जद्दोजहद करनी पड़ी।
यहीं कारण है कि ट्रेन ढाई घंटे तक निपनिया स्टेशन के करीब खड़ी रही। जितनी देर ट्रेन खड़ी रही, उतने समय तक यात्री परेशान हुए। परेशानी इसलिए आई कि क्योंकि इस ट्रेन के सभी कोच के एसी बंद हो गई और लाइट भी नहीं चल रहे थे। इस भीषण गर्मी में यात्री ट्रेन में बंद रहे। जिसके चलते गर्मी से उनका हाल बेहाल रहा। यात्रियों ने इस अव्यवस्था को लेकर जमकर नाराजगी जताई और रेल प्रशासन को कोसते भी रहे। करीब ढाई घंटे बाद जब ट्रेन का परिचालन शुरू हुआ, तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली।