बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर बड़ी लापरवाही, बुक किया हुआ रिटायरिंग रूम देने से किया इनकार, परिवार सहित भटकता रहा नागपुर का यात्री
बिलासपुर जोनल स्टेशन के IRCTC रिटायरिंग रूम में नागपुर के यात्री की बुक रूम की बुकिंग अचानक रद्द कर दी गई। वैकल्पिक व्यवस्था न होने से परिवार को डेढ़ ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 22 Oct 2026 03:22:28 PM (IST)Updated Date: Thu, 22 Oct 2026 03:22:28 PM (IST)
Demo picHighLights
- बिलासपुर स्टेशन के IRCTC रिटायरिंग रूम में बदइंतजामी का मामला।
- नागपुर के यात्री की बुक कमरा नंबर 104 की बुकिंग रद्द।
- वैकल्पिक व्यवस्था न मिलने से परिवार को होटल में ठहरना पड़ा।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: जोनल स्टेशन स्थित आइआरसीटीसी के रिटायरिंग रूम में बदइंतजामी का बड़ा मामला सामने आया है। नौ दिन पहले नागपुर के एक यात्री ने यहां एक रूम बुक कराया था। बुधवार को जब वह परिवार के साथ पहुंचे तो उन्हें यह कह दिया गया कि उनकी बुकिंग रद कर दी गई है। वजह पूछने पर यह कह दिया गया कि इस रूम की फाल्स सीलिंग कमजोर है।
इस पर नाराज यात्री ने दूसरा रूम देने की गुजारिश की। लेकिन, उन्हें यह कह दिया कि एक भी रूम या डारमेट्री खाली नहीं है। डेढ़ से दो घंटे तक अंजान शहर में यात्री इधर से उधर भटकते रहे। भारी जद्दोहद के बाद उन्हें शहर के होटल में ठहरने की व्यवस्था मिली। नागपुर निवासी रत्नेश कुमार ने रिटायरिंग में 13 अक्टूबर को एक रिटायरिंग रूम बुक कराया था। उन्हें कमरा नंबर 104 आवंटित था। दरअसल उन्हें बिलासपुर से पटना की यात्रा करनी थी।
इसी के तहत नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस से रत्नेश परिवार के साथ बिलासपुर पहुंचे। जैसे ही वे रिटायरिंग रूम पहुंचे और काउंटर पर बुकिंग होने की जानकारी दी, तो वहा मौजूद स्टाफ ने यह कहा कि आपने तो बुकिंग रद करा दी है। इस पर यात्री ने कहा कि उन्होंने बुकिंग रद नहीं कराई है।
तब उन्हें आइआरसीटीसी द्वारा भेजे गए मेल की जानकारी दी। जिसमें आइआरसीटीसी ने रिटायरिंग रूम रिनेवेशन होने का हवाला देते हुए बुकिंग रद की थी। उन्होंने कहा कि अब कैसे करेंगे, परिवार को लेकर कहा जाएंगे। डेढ़ से दो घंटे तक यात्री स्टेशन में मदद की गुहार लगाते रहे। चूंकि रिटायरिंग रूम रेलवे का नहीं है। इसलिए उन्हें मदद भी नहीं मिल सकी। आखिर में वह परिवार को लेकर शहर के हाटल में पहुंचे और रूम किराए में लिया।
बुकिंग रद तो करनी थी दूसरे रूम की व्यवस्था
यात्री की इस अव्यवस्था के लिए रिटारिंग रूम प्रबंधन व आइआरसीटीसी दोनों जिम्मेदार है। यात्री का कहना था कि जब किसी कारणवश रूम बुकिंग योग्य नहीं थी तो उन्हें पहले ही इसकी सूचना देनी थी। इस साथ ही यदि यात्री की जरा भी चिंता होती तो कम से कम किसी दूसरे रूम या डारमेट्री की व्यवस्था करनी चाहिए थी। लेकिन, उन्होंने ऐसा नहीं किया। जिसके चलते यात्री को परिवार के साथ भटकना पड़ा।
यात्री का आरोप जानबूझकर किया परेशान
यात्री का आरोप है कि जानबूझकर बुकिंग रद की गई है। असुरक्षा का हवाला जरुर दिया गया है लेकिन, रूम नंबर 104 में कुछ लोग आते-जाते दिखे हैं। ऐसे में किसी और को बुकिंग देने की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता।
स्टेशन प्रबंधन से की शिकायत
परेशान यात्री इस मामले की शिकायत रेल प्रशासन से करना चाह रहे थे। यही वजह है कि वह स्टेशन प्रबंधक के पास पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी दी। जिस पर उन्हें शिकायत पुस्तिका में शिकायत दर्ज कराने का सुझाव दिया गया। वर्जन- रिटायरिंग रूम का कमरा नंबर 104 असुरक्षित है। फाल्स सीलिंग का एक हिस्सा गिर गया।
जब स्टेशन से ट्रेन गुजरती है तो वाइब्रेशन से सीलिंग में झनझनाहट होती है। ऐसे में सुरक्षा के मद्देनजर किसी यात्री की जान जोखिम में नहीं डाला जा सकता। यात्री का आरोप उचित नहीं है। टीम के साथ सुबह रिटायरिंग रूम का निरीक्षण भी करुंगा। प्रवीण शर्मा, एरिया मैनेजर, आइआरसीटीसी बिलासपुर