
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। शहर के सबसे बड़े और मुख्य सब्जी बाजार बृहस्पति बाजार को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में जिला प्रशासन और नगर निगम ने कदम बढ़ा दिए हैं। बाजार को अस्थाई रूप से शिफ्ट करने की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। रिवर व्यू के पास स्थित मुन्नू लाल स्कूल परिसर में कारोबारियों और खरीदारों के लिए अस्थाई बाजार बसाया जा रहा है, जहां शेड और चबूतरे बनाने का काम तेजी से शुरू कर दिया गया है।
निर्माण कार्य पूरा होते ही बृहस्पति बाजार की पुरानी दुकानों को इस अस्थाई परिसर में स्थानांतरित कर दिया जाएगा, ताकि शहर के बहुप्रतीक्षित मल्टी-स्टोरी वेजिटेबल-फूड मार्केट के निर्माण का रास्ता साफ हो सके।
नगर निगम द्वारा रिवर व्यू के नजदीक मुन्नू लाल स्कूल परिसर को अस्थाई बाजार के लिए चुना गया है। यहां व्यापारियों को कारोबार में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए शेड और चबूतरों का निर्माण कराया जा रहा है। बारिश या धूप से बचाव के इंतजामों के साथ ही यहां बिजली, पानी और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाएं भी प्राथमिकता से विकसित की जा रही हैं, ताकि जब बृहस्पति बाजार को यहां शिफ्ट किया जाए, तो आम जनता और दुकानदारों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर के 100 स्कूलों में किताबों से निकल बगिया में पहुंचे बच्चे, खेती-किसानी के गुर सीख रहे नौनिहाल
मिलेगी इस प्रकार की सुविधा
पुराने बृहस्पति बाजार के स्थान पर बनने जा रहा यह नया प्रोजेक्ट बिलासपुर के शहरी विकास में एक मील का पत्थर साबित होगा। यह जिले का पहला आधुनिक मल्टी-स्टोरी वेजिटेबल-फूड मार्केट होगा, जिसकी परिकल्पना शहरवासियों को एक ही छत के नीचे विश्वस्तरीय सुविधाएं देने के लिए की गई है।
सब्जी विक्रेताओं को पारंपरिक तंग और कीचड़ भरी जगहों से मुक्ति मिलेगी। हर व्यापारी के लिए नियोजित और आधुनिक दुकानें होंगी। शहर के इस व्यस्त इलाके में पार्किंग हमेशा से एक बड़ी समस्या रही है।
मल्टी-स्टोरी मार्केट में वाहनों की सुगम पार्किंग के लिए पर्याप्त बेसमेंट या बहुमंजिला पार्किंग स्पेस होगा, जिससे सड़क पर लगने वाले जाम से निजात मिलेगी। इस बहुमंजिला परिसर में एक विशेष फूड जोन भी विकसित किया जाएगा, जहां साफ-सुथरे माहौल में स्थानीय और पारंपरिक व्यंजनों का लुत्फ उठाया जा सकेगा।
पारंपरिक बाजारों की तुलना में यह आधुनिक इमारत बेहतर हवा, रोशनी, और अग्नि सुरक्षा (फायर सेफ्टी) उपकरणों से लैस होगी। सब्जियों की बर्बादी रोकने के लिए छोटे स्तर पर कोल्ड स्टोरेज या तापमान नियंत्रित कक्ष और कचरे के वैज्ञानिक निपटान के लिए वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम की सुविधा भी शामिल किए जाने की योजना है।
शहर का सबसे बड़ा और व्यस्ततम केंद्र है बृहस्पति बाजार
मालूम हो कि बृहस्पति बाजार बिलासपुर का सबसे पुराना, सबसे बड़ा और प्रमुख चिल्हर सब्जी बाजार है। यहां रोजाना शहर के कोने-कोने से हजारों की संख्या में ग्राहक सब्जियां, फल और रोजमर्रा की जरूरत का सामान खरीदने पहुंचते हैं। इसके अलावा आसपास के ग्रामीण इलाकों के किसान भी अपनी उपज बेचने यहीं आते हैं।
बाजार के अत्यधिक संकरा हो जाने और बुनियादी सुविधाओं के अभाव के कारण यहां लगातार भीड़भाड़ और यातायात बाधित होने की समस्या बनी रहती थी। अब इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के आकार लेने से न केवल शहर का ट्रैफिक सुधरेगा, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी एक नया और आधुनिक कलेवर मिलेगा।
जल्द पूरा होगा अस्थाई निर्माण
नगर निगम उप आयुक्त खंजाची कुम्हार का कहना है कि मुन्नू लाल स्कूल परिसर में चल रहा निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सभी पंजीकृत व्यापारियों को चरणबद्ध तरीके से अस्थाई परिसर में शिफ्ट किया जाएगा, जिसके तुरंत बाद पुराने बृहस्पति बाजार को तोड़कर आधुनिक मल्टी-स्टोरी मार्केट का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया जाएगा।