
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र के खपरगंज में 28 अगस्त की रात हुए बवाल के मामले में फरार चल रहे आरोपित राम सिंह को पुलिस ने मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है।
इस दौरान कोर्ट परिसर में गहमागहमी रही। इसके चलते भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कड़ी सुरक्षा के बीच आरोपित को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। जेल परिसर के बाहर भी आरोपित के समर्थक मौजूद रहे। वहीं, भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा। इधर भीड़ कम होते ही जेल प्रबंधन ने उसे अंबिकापुर जेल ट्रांसफर कर दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के खपरगंज में दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद के बाद 28 अगस्त की रात जमकर बवाल हुआ। कुछ लोगों ने इसे सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की। इसके चलते दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ।
स्थिति बिगड़ते देख पुलिस की टीम ने हल्का बल प्रयोग करते हुए भीड़ को खदेड़ दिया। इस बीच आरोपित राम सिंह वहां से भाग निकला। घटना के बाद से वह लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। लगातार प्रयास के बाद पुलिस की टीम ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के पन्ना में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
शनिवार को आरोपित को बिलासपुर लाकर कोर्ट में पेश किया। इस बीच उसके समर्थक बड़ी संख्या में कोर्ट पहुंच गए। कोर्ट में आरोपित के समर्थकों ने नारेबाजी की कोशिश की। इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें कोर्ट परिसर से खदेड़ दिया।
यह भी पढ़ें- दफ्तरों से नहीं, अब चौपाल से तय होगा 486 गांवों का विकास, बिलासपुर में ग्रामीण स्वयं तय करेंगे अपने गांव का खाका
इसके बाद समर्थक जेल परिसर पहुंच गए। जेल के बाहर समर्थकों से ज्यादा पुलिस की तैनाती रही। पुलिस ने कोर्ट के निर्देश पर आरोपित को जेल भेज दिया है। आरोपित राम सिंह के जेल के अंदर जाते ही वहां मौजूद समर्थकों की भीड़ कम हो गई। इसके कुछ देर बाद ही जेल प्रबंधन ने राम सिंह को अंबिकापुर जेल भेज दिया है।