रायगढ़ में धरणी ढाबा समेत चार जगहों पर छापा, पनीर और चावल के नमूने जब्त
कोड़ातराई और कठली क्षेत्र के चार प्रमुख ढाबों पर औचक जांच करते हुए धरणी ढाबा और रौनक ढाबा से पनीर, सब्जी व चावल के नमूने लिए और संचालकों को कड़े निर्देश दिए।
Publish Date: Tue, 17 Nov 2026 08:52:25 PM (IST)Updated Date: Tue, 17 Nov 2026 08:52:25 PM (IST)
प्रमुख ढाबों पर औचक जांच करते हुए औषधि प्रशासन विभाग की टीमHighLights
- रायगढ़ में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने ढाबों की जांच की।
- धरणी ढाबा और रौनक ढाबा से पनीर, सब्जी और चावल के नमूने लिए।
- संचालकों को साफ-सफाई रखने और अखबारी कागज का उपयोग न करने की हिदायत।
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायगढ़: खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और आम लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से ढाबों और रेस्टोरेंट में जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में विभागीय टीम ने धरणी ढाबा एवं फैमिली रेस्टोरेंट, रौनक फैमिली ढाबा कठली, श्री साई ढाबा कोड़ातराई और सिंह ढाबा कोड़ातराई का निरीक्षण किया।
इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा से जुड़े मानकों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान धरणी ढाबा एवं फैमिली रेस्टोरेंट से आलू सब्जी, मिक्स वेज, पनीर और पके चावल के नमूने लिए गए। वहीं रौनक फैमिली ढाबा कठली से पनीर का नमूना लिया गया। इन खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूने संकलित किए गए हैं।
विभागीय टीम ने संचालकों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, उपयोग किए जा रहे पानी की गुणवत्ता की जांच कराने और खाद्य सामग्री तैयार करने वाले कर्मचारियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। साथ ही पेस्ट कंट्रोल कराने, खाद्य पदार्थों में रंगों का सीमित उपयोग करने और अखबारी कागज में खाद्य सामग्री नहीं परोसने की हिदायत दी गई।
टीम ने खाद्य पदार्थों को तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले तेल का बार-बार उपयोग नहीं करने पर भी जोर दिया। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करना संचालकों की जिम्मेदारी है। अभियान के तहत प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और खाद्य नमूनों की जांच आगे भी जारी रहेगी। यह भी पढ़ें- बिलासपुर में कोरबा की युवती की एक्टिवा डिवाइडर से टकराई, उछलकर दूर जाकर गिरी, मौके पर मौत