
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। शुक्रवार की शाम हुई वर्षा के बाद शनिवार को बिलासपुर का मौसम पूरी तरह बदला-बदला नजर आया। सुबह से चली ठंडी हवाओं ने उमस पर अंकुश रखा और दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही। शहर के अलग-अलग हिस्सों में कहीं बूंदाबांदी हुई तो कहीं कुछ देर के लिए वर्षा हुई। धूप की तल्खी गायब रही और मौसम ने लोगों को राहत का अहसास कराया। बीते 24 घंटे में बिलासपुर में 8.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
शनिवार को मौसम का मिजाज अचानक तेज वर्षा के बजाय बादलों की मौजूदगी वाला रहा। सुबह से ही हवा में ठंडक महसूस हुई। दोपहर तक आसमान पर बादल छाए रहे और बीच-बीच में बूंदें गिरती रहीं। शहर के कुछ इलाकों में बारिश हुई, जबकि कई स्थानों पर केवल बादल छाए रहे। इस तरह पूरे शहर में एकसमान बारिश के बजाय खंडवर्षा जैसी स्थिति देखने को मिली।
पिछले दिनों की उमस और गर्मी के बीच शनिवार का यह मौसम राहत लेकर आया। खास बात यह रही कि सुबह से चलती ठंडी हवाओं ने तापमान का असर कम महसूस कराया। बादलों की मौजूदगी के कारण धूप भी लगातार तेज नहीं हो सकी। शाम तक मौसम का यही रंग बना रहा। लोगों को बारिश के साथ ठंडी हवा और बादलों का मिला-जुला असर महसूस हुआ।
मौसम के इस बदले मिजाज को देखते हुए अभी राहत जल्द खत्म होती नजर नहीं आ रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 14 सितंबर तक बिलासपुर समेत प्रदेश में मौसम का ऐसा ही स्वरूप बने रहने के आसार हैं। इस दौरान कहीं हल्की बारिश, कहीं बूंदाबांदी और कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है। यानी अगले दो दिनों में भी आसमान पर बादलों की मौजूदगी और हल्की वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- CG Weather: अगले 24 घंटे में कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी
शनिवार की सबसे खास बात यह रही कि मौसम ने बारिश से ज्यादा अपनी ठंडी छुअन से राहत दी। सुबह से बादल और हवा का साथ बना रहा। बीच-बीच में बूंदाबांदी ने वातावरण को नम किया। कहीं थोड़ी देर पानी गिरा तो कहीं बादल बिना बरसे ही गुजर गए। मौसम का यह स्थानीय अंतर खंडवर्षा जैसा रहा। लोगों को दिनभर तेज धूप का सामना नहीं करना पड़ा।