बिलासपुर जिला अस्पताल में प्रसव के दौरान गंभीर लापरवाही, गलत ऑपरेशन से जिंदगी से जंग लड़ रही प्रसूता
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित जिला अस्पताल के मातृ-शिशु अस्पताल में प्रसव के दौरान डॉक्टरों की लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। तखतपुर निवासी प्रसूता ज्योति देवांगन का आरोप है कि महिला डॉक्टर केके मित्तल द्वारा किए गए गलत ऑपरेशन और टांके में इन्फेक्शन के कारण उनकी तबीयत अत्यधिक बिगड़ गई। वर्तमान में प्रसूता निजी अस्पताल के आईसीयू में वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
Publish Date: Sun, 23 Aug 2026 11:36:16 AM (IST)Updated Date: Sun, 23 Aug 2026 11:36:16 AM (IST)
पीड़ित पवन देवांगन कलेक्टर कार्यालय में आवेदन लेकर पहुंचा और न्याय की गुहार लगाईHighLights
- बिलासपुर जिला अस्पताल की बड़ी लापरवाही।
- तखतपुर की प्रसूता की बिगड़ी तबीयत।
- कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुरः जिला अस्पताल स्थि मातृ-शिशु हास्पिटल में प्रसव के दौरान डाक्टरों की लापरवाही का एक संवेदनशील मामला सामने आया है। तखतपुर निवासी महिला को गलत आपरेशन और टांके में इन्फेक्शन के कारण गंभीर हालत में निजी अस्पताल के आइसीयू में भर्ती कराना पड़ा है।
पीड़ित पति ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर डाक्टर का लाइसेंस रद करने और इलाज के लिए आर्थिक सहायता दिलाने की गुहार लगाई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने सीएमएचओ को जांच टीम गठित करने के निर्देश दिए हैं।
तखतपुर निवासी पवन देवांगन (29) ने बताया कि उन्होंने अपनी गर्भवती पत्नी ज्योति देवांगन को 27 जुलाई को प्रसव के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। महिला ने बेटे को जन्म दिया, लेकिन उन्होंने आरोप लगाया है कि प्रसव के दौरान महिला डाक्टर केके मित्तल द्वारा गंभीर लापरवाही बरती गई। गर्भाशय का टांका सही तरीके से न लगाए जाने और गलत इलाज के कारण टांके में मवाद भर गया और हालत बिगड़ती चली गई।
तबीयत बिगड़ने पर स्वजन को आनन-फानन में प्रसूता को निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां महिला की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है। वह वेंटिलेटर में जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है। पीड़ित पति के अनुसार, गलत इलाज के सुधार और जान बचाने में अब तक वे आठ से नौ लाख रुपये खर्च कर चुके हैं। आर्थिक रूप से टूट चुके परिवार ने कलेक्टर से निष्पक्ष जांच, दोषी डाक्टर पर सख्त कार्रवाई और आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।
यह भी पढ़ें- भिलाई नगर निगम के पूर्व पार्षद मोहम्मद सलमान को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच से बड़ा झटका
डाक्टर के खिलाफ हो कार्रवाई
कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में पीड़ित पक्ष ने महिला डाक्टर केके मित्तल और अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में जानबूझकर घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। आवेदन में मांग की गई है कि दोषी डाक्टर के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उनका मेडिकल लाइसेंस रद्द किया जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य मरीज के साथ ऐसा खिलवाड़ न हो।
वर्जन
पीड़िता के पति द्वारा गलत इलाज और लापरवाही से संबंधित एक शिकायत आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमएचओ को तत्काल जांच टीम गठित कर सभी तथ्यों की जांच कराने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
संजय अग्रवाल, कलेक्टर बिलासपुर