
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। गनियारी में युवक से मारपीट कर उसकी पल्सर बाइक लूटने वाले तीन आरोपितों को कोटा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से लूटी गई बाइक के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी जब्त की गई है।
कोटा एसडीओपी नुपूर उपाध्याय ने बताया कि ग्राम समडील निवासी दुर्गेश साहू 10 नवंबर को घरेलू सामान और पटाखे खरीदने के लिए पल्सर बाइक से गनियारी आया था। इसी दौरान तीन युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया। मारपीट कर रुपये की मांग की। विरोध करने पर आरोपित उसकी बाइक लूटकर फरार हो गए।
शिकायत पर कोटा थाने में अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्काल आरोपितों की तलाश शुरू की और अभय सूर्यवंशी (19), नंद कुमार केवट (19) और नीरज सूर्यवंशी (19), तीनों निवासी आजाद चौक मंगला, बिलासपुर को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से पल्सर बाइक और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की सुजुकी एक्सेस स्कूटी जब्त की गई। आरोपितों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कोटा शशिकांत भारद्वाज ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपितों ने इससे पहले सिविल लाइन थाना क्षेत्र में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस उनके आपराधिक रिकार्ड की जांच कर रही है। लूट के मामले को सुलझाने में प्रशिक्षु एसआइ नागेश्वरी साहू, दिलीप साहू, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, आरक्षक सुनील पटेल, आरक्षक दीप सिंह कंवर की भूमिका रही।
यह भी पढ़ें- 2 साल से पहले दुर्गूकोंदल से कांकेर ट्रांसफर पड़ा भारी, छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने शासन से मांगा जवाब