यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 29, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हेल्थ कार्नर: ऐसी व्यवस्था पहली बार दिखी, संभाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सिम्स में
जेनरिक दवाएं बेअसर साबित होने लगी हैं। ऐसा हम नहीं कह रहे, बल्कि वे कह रहे हैं, जो अपनी बीमारी दूर करने के लिए इन दवाओं का सेवन कर रहे हैं।
By Atul VasingEdited By: Manoj Kumar Tiwari
Publish Date: Wed, 29 Nov 2023 12:22:00 PM (IST)Updated Date: Wed, 29 Nov 2023 12:22:00 PM (IST)
सिम्स अस्पताल पिरसर में मरीजों के लिए तैयार व्हीलचेयर और स्ट्रेचरHighLights
- 280 टायलेट मरम्मत, बना चैलेंज
- सस्ती दवा हो रही बेअसर
- परेशानी बना अटैचमेंट का खेल
हेल्थ कार्नर: ऐसा पहली बार हो रहा है कि कोई मरीज आ रहा है, तो उसे द्वार पर ही व्हीलचेयर और स्ट्रेचर मिल जा रहा। साथ ही मरीजों को आपातकालीन तक पहुंचाने के लिए वार्ड ब्वाय भी ड्यूटी पर तैनात दिख रहे हैं। ऐसी व्यवस्था किसी को भी पच नहीं रही, क्योंकि हमेशा से अपनी अव्यवस्था के लिए प्रसिद्धि पाने वाले सिम्स में ऐसा होना संभव नहीं दिख रहा था।
यह सब हाई कोर्ट के सख्त निर्देश और शासन के अधिकारियों की मुस्तैदी की वजह से हुआ है। उन्होंने सिम्स की व्यवस्था सुधारने की जिम्मेदारी ली है। ऐसे में पहुंचने वाले तो इस व्यवस्था से खुश नजर आ रहे हैं। ऐसी व्यवस्था कब तक रहेगी, इसे लेकर संशय में हैं। क्योंकि सिम्स के लिए भी एक कहावत कही जाती है कि चाहे आप पहाड़ तोड़ लो, लेकिन सिम्स को पटरी पर नहीं ला सकते हैं।
280 टायलेट मरम्मत, बना चैलेंज
सिम्स की व्यवस्था सुधारने की कवायद शासन स्तर पर चल रही है। ऐसे में निर्माण व मरम्मत का दौर चल रहा है। इसी तरह यह बात भी सामने आई है कि सिम्स अस्पताल भवन के कुल 280 टायलेट में मरम्मत की दरकार है। किसी का दरवाजा नहीं है, तो किसी का कमोड टूटा हुआ है तो कहीं पाइप में लीकेज है। ऐसे में प्राथमिकता के साथ सभी टायलेट को फिर से उपयोग करने वाला बनाया जा रहा है।
इसकी जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी को दी गई है। इन सभी टायलेट की मरम्मत के लिए महज 15 दिन का समय दिया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यह काम हर हाल में तय समय में हो जाना चाहिए। वहीं अब पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों को समझ नहीं आ रहा है कि कैसे इन बाथरूम को इतने कम दिन में उपयोग करने वाला बनाएं। मानिटरिंग शासन स्तर के बड़े अधिकारी कर रहे हैं।
सस्ती दवा हो रही बेअसर
जेनरिक दवाएं बेअसर साबित होने लगी हैं। ऐसा हम नहीं कह रहे, बल्कि वे कह रहे हैं, जो अपनी बीमारी दूर करने के लिए इन दवाओं का सेवन कर रहे हैं। अब तो सरकारी अस्पताल के ओपीडी में पहुंचने वाले मरीज भी डाक्टर को जेनरिक दवा नहीं लिखने की बात कह रहे हैं और इसके बदले जल्दी असर करने वाली ब्रांडेड दवा लिखने की बात कर रहे हैं। ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि जो भी मरीज ठीक होने के लिए जेनरिक दवा का सेवन कर रहे हैं, उन्हें ठीक होने में समय लग रहा है।
मरीजों का भी सब्र का बांध टूट रहा है। जबकि शासन स्तर पर मरीजों को सस्ती जेनरिक दवाएं लिखने को ही कहा जा रहा है। वहीं अब ज्यादातर दवाओं की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगा है। ऐसे में 60 से 70 प्रतिशत सस्ती होने के बाद भी लगातार जेनरिक दवाओं की बिक्री गिर रही है।
परेशानी बना अटैचमेंट का खेल
इन दिनों स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारियों के चले अटैचमेंट के खेल से पर्दा उठने लगा है। लगातार ऐसे कर्मचारियों की लिस्ट सामने आ रही है जो अपने मूल जगह गांवों में नौकरी छोड़कर सेटिंग के दम पर शहरी क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पताल के साथ ही मुख्य स्वास्थ्य विभाग में कार्य कर रहे हैं। यह उनके कई साथी कर्मचारियों को रास नहीं आ रहा है।
ऐसे में अपने-अपने क्षेत्र की बिगड़ती स्वास्थ्य सुविधाओं का हवाला देते हुए क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को सक्रिय कर रहे हैं। ऐसे में नेताओं के फोन लगातार स्वास्थ्य विभाग में आ रहे हैं। जहां अटैचमेंट के खेल को खत्म करने की बात की जा रही है। इसे लेकर अब स्वास्थ्य अधिकारी तक परेशान होने लगे हैं। वहीं इन सबके बीच सेटिंग कर अटैचमेंट प्राप्त करने वाले कर्मचारी भी दहशत में आ गए हैं, क्योंकि अब उन्हें फिर से मूल जगह पर काम करना पड़ सकता है।