दो महीने पहले लड़की को लेकर हुआ था विवाद, रावण दहन के बाद नाबालिग पर चूड़े और डंडे से जानलेवा हमला, 5 गिरफ्तार
बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम लावर में रावण दहन के बाद पुरानी रंजिश के चलते पांच युवकों ने एक 17 वर्षीय नाबालिग पर चूड़े और डंडे से जानलेवा हमला कर दिया।
Publish Date: Fri, 23 Oct 2026 04:11:41 PM (IST)Updated Date: Fri, 23 Oct 2026 04:11:41 PM (IST)
मस्तूरी पुलिस की गिरफ्त में आरोपितHighLights
- बिलासपुर के मस्तूरी में रावण दहन के बाद नाबालिग पर हमला।
- पुराने विवाद के चलते पांच आरोपियों ने चूड़े और डंडे से पीटा।
- पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर सबको भेजा जेल।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम लावर में पुरानी रंजिश को लेकर पांच युवकों ने एक नाबालिग पर चूड़े और डंडे से हमला कर दिया। हमले में किशोर के सिर, गले और हाथ में चोटें आई हैं। घटना की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर पांच आरोपित को हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार कर लिया है।
डीएसपी सुदीप सरकार ने बताया कि घटना 20 अक्टूबर की रात करीब 8:30 से नौ बजे के बीच ग्राम लावर-भोथीडीह स्थित मिडिल स्कूल परिसर की है। यहां रावण दहन के बाद भानू कैवर्त (17) और अरुण कुमार खुंटे उर्फ गुड्डू के बीच करीब दो महीने पुरानी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
बताया गया कि पूर्व में भानू ने अरुण और उसके साथियों को एक अज्ञात लड़की के साथ पकड़ लिया था। इसी बात को लेकर भानू ने अरुण से विवाद करते हुए कहा कि उसकी वजह से उसे पकड़ा गया था। विवाद बढ़ने पर अरुण खुंटे उर्फ गुड्डू, संजीत कारके, संजू कारके, सिद्धार्थ उर्फ चिंटू कारके और संजू उर्फ शुभम यादव ने गाली-गलौज करते हुए भानू पर हमला कर दिया।
आरोपितों ने हाथ में पहने चूड़े और डंडे से उसके सिर, गले और हाथ पर वार किए। इससे किशोर के सिर में गंभीर चोट आई। घटना की शिकायत पर मस्तूरी पुलिस ने बीएनएस की धारा 296, 115(2), 191(1), 191(2), 109 और 324(4) के तहत अपराध दर्ज किया। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांचों आरोपितों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चूड़ा और डंडा जब्त कर लिया गया। इसके बाद सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।