कठघरे से कूदकर डायस तक पहुंचा चोरी का आरोपित, सीजीएम को दी जान से मारने की धमकी
मुंगेली जिला न्यायालय में ट्रेलर चोरी के आरोपित भगतराम ने कटघरे से कूदकर डायस तक पहुंचकर सीजीएम को जान से मारने की धमकी दी, कांच का फ्रेम तोड़ने का प्रयास किया, पुलिस ने अपराध दर्ज किया।
Publish Date: Tue, 17 Nov 2026 06:43:34 PM (IST)Updated Date: Tue, 17 Nov 2026 06:43:34 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- कोर्ट में आरोपित ने किया हंगामा।
- सीजीएम को दी जान से मारने की धमकी।
- कांच का फ्रेम तोड़ने का प्रयास।
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुंगेली : जिला न्यायालय में पेशी के दौरान चोरी के एक आरोपित ने जमकर हंगामा मचाया। कठघरे में खड़े आरोपित ने नाम पूछने पर पुलिसकर्मियों से अभद्रता शुरू कर दी। इसके बाद वह कटघरे से कूदकर पीठासीन अधिकारी के डायस तक पहुंच गया और उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगा।
आरोपित ने पीठासीन अधिकारी के सामने लगे कांच के फ्रेम को भी तोड़ने का प्रयास किया। घटना से न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया। मामले में प्रस्तुतकर्ता शत्रुघन कुमार बेलदार की शिकायत पर मुंगेली पुलिस ने आरोपित भगतराम राजपूत के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर को सरगांव थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 189/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के मामले में गिरफ्तार आरोपित भगतराम राजपूत (25 वर्ष) को शाम करीब 4:30 बजे रिमांड के लिए मुंगेली जिला न्यायालय में पेश किया गया था। पुलिसकर्मी जब उसे कटघरे में खड़ा करने के लिए ले जा रहे थे, तब उसने अपना नाम बताने से इनकार कर दिया।
इस दौरान वह पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करने लगा। शिकायत के मुताबिक, आरोपित ने पीठासीन अधिकारी की ओर उंगली दिखाते हुए गाली-गलौज की और कहा कि जेल भेजेगा। इसके बाद वह कठघरे से छलांग लगाकर पीठासीन अधिकारी के सामने लगे कांच के फ्रेम के पास पहुंच गया। उसने कांच के फ्रेम को जोर-जोर से तोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान पीठासीन अधिकारी और न्यायालयीन कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
प्रस्तुतकर्ता ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद प्रस्तुतकर्ता शत्रुघन कुमार बेलदार ने मुंगेली थाना पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि आरोपित का व्यवहार काफी अपमानजनक था। उसके इस कृत्य से न्यायालयीन अधिकारी और कर्मचारी आहत हुए हैं। पीठासीन अधिकारी के सामने लगे कांच के फ्रेम को तोड़ने का प्रयास करने और जान से मारने की धमकी देने को गंभीर कृत्य बताते हुए आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। शिकायत के आधार पर मुंगेली पुलिस ने आरोपित भगतराम राजपूत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 221, 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
जीपीएस की मदद से चोरी के ट्रेलर तक पहुंची पुलिस
इधर, आरोपित भगतराम राजपूत की गिरफ्तारी का मामला भी ट्रक चोरी से जुड़ा है। सरगांव थाना में चालक रामखिलावन कुर्मी ने ट्रेलर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया कि 15 नवंबर को वह गेवरा खदान से 38.650 टन कोयला ट्रेलर में लोड कर रायपुर स्थित वंदना प्लांट के लिए निकला था। सुबह करीब छह बजे उसने सरगांव-पथरिया मोड़ के पास वाहन खड़ा किया और दुकान में चाय पीने चला गया। कुछ देर बाद वापस लौटा तो ट्रेलर गायब था।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। इस दौरान ट्रेलर में लगे जीपीएस सिस्टम की लोकेशन के आधार पर पुलिस मदकू गांव पहुंची। वहां घेराबंदी कर मदकूद्वीप चौक के पास चोरी का वाहन पकड़ लिया गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर युवक ने अपना नाम भगतराम राजपूत बताया।
पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल ट्रेलर चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपित द्वारा जिला न्यायालय में पेशी के दौरान किए गए हंगामे और पीठासीन अधिकारी को धमकी देने के मामले में भी पुलिस ने अलग से अपराध दर्ज कर लिया है।