नाबालिग से दुष्कर्म मामले में दस साल की सजा बरकरार, सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की एसएलपी
सुप्रीम कोर्ट ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में कांकेर के योगेश पटेल की एसएलपी खारिज कर दी है। शीर्ष अदालत ने छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट और निचली अदालत के उस फैसले को बरकरार रखा है, जिसके तहत दोषी को 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई थी।
Publish Date: Mon, 07 Sep 2026 09:50:37 PM (IST)Updated Date: Mon, 07 Sep 2026 09:50:37 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- कानूनी दांवपेंच के बीच न्याय की जीत।
- दोषी को अब पूरी काटनी होगी अपनी सजा।
- पॉक्सो एक्ट के मामलों में कड़ा संदेश।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में 10 साल की सजा पाए कांकेर के योगेश पटेल को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिली। शीर्ष अदालत ने छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के उस फैसले में हस्तक्षेप करने से इन्कार कर दिया, जिसमें दोषसिद्धि और सजा बरकरार रखी गई थी।
सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस जे.बी. पार्डीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने सात सितंबर 2026 को सुनवाई की। कोर्ट ने कहा कि हाई कोर्ट के आदेश में हस्तक्षेप का कोई आधार नहीं है और एसएलपी खारिज कर दी। हाई कोर्ट ने 22 अगस्त 2025 को योगेश पटेल की अपील खारिज करते हुए विशेष न्यायाधीश, पाक्सो एक्ट, भानुप्रतापपुर के 31 दिसंबर 2021 के फैसले को बरकरार रखा था।
यह भी पढ़ें- कानून से हट चुकी धारा के आधार पर जमीन का डायवर्सन आदेश छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने किया रद
विशेष न्यायालय ने पटेल को भारतीय दंड संहिता की धारा 376(2)(एन) के तहत दोषी ठहराते हुए 10 वर्ष के कठोर कारावास और 25 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। अभियोजन के अनुसार, पीड़िता ने नौ जून 2019 को भानुप्रतापपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने कहा कि योगेश ने उसे शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। इसके बाद, जब पीड़िता ने शादी से इन्कार किया, तो उसने आत्महत्या करने की कोशिश की।
बचाव पक्ष ने हाई कोर्ट में तर्क दिया कि अभियोजन पीड़िता की उम्र 18 वर्ष से कम साबित नहीं कर सका। हालांकि, हाई कोर्ट ने पीड़िता की जन्मतिथि को स्कूल रिकार्ड से प्रमाणित किया, जिसमें उसकी उम्र 16 वर्ष नौ महीने थी। कोर्ट ने पाया कि पीड़िता का बयान लगातार और विश्वसनीय था।
मेडिकल जांच में यौन संबंध की पुष्टि नहीं होने के बावजूद, पीड़िता की गवाही को महत्वपूर्ण माना गया। सुप्रीम कोर्ट ने भी हाई कोर्ट के फैसले को बरकरार रखते हुए कहा कि पहली घटना के समय पीड़िता नाबालिग थी, इसलिए उसकी सहमति का कानूनी महत्व नहीं था। अब योगेश पटेल को अपनी सजा पूरी करनी होगी।