घने कोहरे में भी सुरक्षित चलेगी ट्रेन, लोको पायलट को 500 मीटर पहले मिलेगा सिग्नल का अलर्ट
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने कोहरे में सुरक्षित ट्रेन परिचालन के लिए 3657 फाग सेफ डिवाइस तैनात किए, जीपीएस तकनीक से लोको पायलट को सिग्नल और फाटक की पूर्व सूचना मिलेगी।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 09:31:17 PM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 09:31:17 PM (IST)
जीपीएस आधारित ये उपकरण लोको पायलटों को पूर्व सूचना देकर सतर्क करेंगेHighLights
- तैनात किए 3657 फाग सेफ डिवाइस।
- जीपीएस से मिलेगा सटीक मार्गदर्शन।
- 500 मीटर पहले मिलेगा सिग्नल अलर्ट।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: सर्दियों में घने कोहरे के कारण ट्रेनों के परिचालन में आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने तकनीक का सुरक्षा कवच तैयार किया है। यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने तीनों रेल मंडलों में 3657 फाग सेफ डिवाइस उपलब्ध कराए गए हैं।
जीपीएस आधारित ये उपकरण लोको पायलटों को सिग्नल, रेलवे स्टेशन और समपार फाटकों की पूर्व सूचना देकर सतर्क करेंगे।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का नेटवर्क मैदानी, पहाड़ी और घने जंगलों वाले क्षेत्रों से होकर गुजरता है। खोंगसरा और भनवारटंक के आसपास कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से परिचालन चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ऐसे में फाग सेफ डिवाइस महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस उपकरण में जीपीएस एंटीना और पहले से फीड रेलमार्ग का डेटा होता है। इसमें स्टेशन, सिग्नल, मानवित-अमानवित समपार फाटक और न्यूट्रल सेक्शन की जानकारी दर्ज रहती है।
यह भी पढ़ें- जिनेवा में चमकी बिलासपुर की बेटी चुबाकाती ए. जमीर , भारत का बढ़ाया मान
स्क्रीन पर सूचना के साथ आडियो अलर्ट भी मिलता है। अगले तीन निर्धारित सिग्नलों की जानकारी लगभग 500 मीटर पहले तक मिल सकती है। यह डिवाइस सिंगल, डबल लाइन, विद्युतीकृत और गैर-विद्युतीकृत रेलखंडों के अलावा इलेक्ट्रिक-डीजल इंजन, ईएमयू, मेमू और डेमू ट्रेनों में भी उपयोगी है।
इसमें 18 घंटे का रिचार्जेबल बैटरी बैकअप है। हल्का, छोटा और पोर्टेबल होने से इसे इंजन के कैब डेस्क पर रखा जा सकता है। रेलवे का उद्देश्य आधुनिक तकनीक से कोहरे में भी संरक्षित और सुगम परिचालन सुनिश्चित करना है।