नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय की सम सेमेस्टर परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को सीएमडी पीजी कालेज में कुलपति प्रो. ललित प्रकाश पटेरिया और कुलसचिव डा. तारणीश गौतम बिना किसी पूर्व सूचना के परीक्षा केंद्र पहुंच गए। औचक निरीक्षण के दौरान हर कक्षा में जाकर परीक्षार्थियों के बीच खड़े हो गए। प्रश्नपत्र से लेकर ठंडे पानी और बिजली की समुचित व्यवस्था का जायजा लिया। अचानक हुए निरीक्षण से महाविद्यालय प्रशासन और परीक्षा ड्यूटी में लगे शिक्षकों के बीच हलचल तेज हो गई। कैंपस में शिक्षकों के मोबाइल इस्तेमाल पर नाराजगी जाहिर करते हुए परीक्षा अनुशासन का पालन करने कहा।
प्राचार्य डा. संजय सिंह तत्काल निरीक्षण दल के साथ पहुंचे और केंद्र की व्यवस्थाओं की जानकारी दी। विश्वविद्यालय की मंशा साफ थी की 55 हजार से अधिक विद्यार्थियों की परीक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इतना ही नहीं शासी निकाय के अध्यक्ष डा.संजय दुबे को भी तलब किया। कालेज के संबंध में उनसे कई जानकारी ली। सम सेमेस्टर परीक्षाओं के दूसरे दिन हुए इस औचक निरीक्षण को विश्वविद्यालय प्रशासन की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है।
कुलपति प्रो. पटेरिया ने परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर परीक्षार्थियों की उपस्थिति, परीक्षा संचालन, अनुशासन तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने ठंडे पेयजल, पंखों और अन्य बुनियादी सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कुलपति ने परीक्षा ड्यूटी में लगे शिक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि ड्यूटी के समय मोबाइल फोन अपने पास न रखें तथा परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में पूरी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने शिक्षकों से विभिन्न शैक्षणिक और परीक्षा संबंधी मुद्दों पर चर्चा भी की।
निरीक्षण के बाद कुलपति ने महाविद्यालय में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और अनुशासित परीक्षा संचालन की सराहना की। गौरतलब है कि विश्वविद्यालय के अंतर्गत 15 जून से शुरू हुई सम सेमेस्टर परीक्षाओं में इस वर्ष 55,674 विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा के लिए 70 केंद्र बनाए गए हैं और परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने हेतु विश्वविद्यालय ने दो उड़नदस्ता दल भी गठित किए हैं, जो लगातार आकस्मिक निरीक्षण कर रहे हैं।\
यह भी पढ़ें- CG High Court: अधिवक्ता की लगातार अनुपस्थिति पर भड़के जस्टिस,आरोपित को मिलेगा निःशुल्क सरकारी वकील
55 हजार से ज्यादा विद्यार्थी दे रहे परीक्षा
अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय की सम सेमेस्टर परीक्षा में इस वर्ष कुल 55,674 परीक्षार्थी शामिल हैं। यूजी में 18,645 छात्र और 26,136 छात्राएं जबकि पीजी में 3,381 छात्र और 6,912 छात्राएं परीक्षा दे रही हैं। परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जा रही हैं। पहली पाली सुबह सात से 10 बजे और दूसरी पाली सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक संचालित हो रही है।
नकल और अनियमितता पर विश्वविद्यालय सख्त'
परीक्षाओं की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विश्वविद्यालय ने दो विशेष उड़नदस्ता दल गठित किए हैं। ये दल बिलासपुर, मुंगेली और कोरबा जिले के शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों के परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नकल, लापरवाही अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
परिणाम जारी, अब परीक्षा संचालन पर फोकस
विश्वविद्यालय ने हाल ही में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत आयोजित स्नातक एवं स्नातकोत्तर विषम सेमेस्टर परीक्षाओं के पुनर्गणना और पुनर्मूल्यांकन परिणाम जारी किए हैं। विधि संकाय सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के परिणाम विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। परिणाम जारी होने के साथ ही अब विश्वविद्यालय का पूरा फोकस सम सेमेस्टर परीक्षाओं के निष्पक्ष और व्यवस्थित संचालन पर केंद्रित है।